Last Updated:
लॉरेंस बिश्नोई का नाम पिछले कुछ सालों में देश के सबसे चर्चित गैंगस्टरों में शामिल हो चुका है. पंजाब के एक छोटे गांव से कॉलेज की राजनीति तक पहुंचा लॉरेंस धीरे-धीरे अपराध की दुनिया में दाखिल हुआ और जेल में रहते हुए भी अपने नेटवर्क को विदेशों तक फैलाता गया. सिद्धू मूसेवाला की हत्या, सलमान खान के घर फायरिंग और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के बाद बिश्नोई गैंग लगातार सुर्खियों में रहा. पुलिस जांच में उगाही, शूटर्स और विदेश में बैठे गैंग के लोगों के बीच कनेक्शन सामने आते रहे हैं. आखिर कौन सी घटनाओं ने लॉरेंस बिश्नोई कंपनी को इतना खौफनाक बनाया और उसका नेटवर्क कैसे काम करता है?
लॉरेंस बिश्नोई भले ही जेल के भीतर हो, लेकिन उसके अपराध बदस्तूर जारी हैं.
गैंग्स ऑफ दिल्ली: पहले दो भागों में आपने पढ़ा कि पंजाब के एक छोटे से गांव से निकला लॉरेंस बिश्नोई कैसे कॉलेज की राजनीति के रास्ते अपराध की दुनिया में दाखिल हुआ. बीते कुछ सालों में उसने किस तरह अपने नेटवर्क को विदेशों तक पहुंचाया. जुर्म के इस सफर में उसे किन लोगों का साथ मिला और कैसे जेल में रहते हुए उसने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया. अब बात उन चर्चित वारदातों की, जिन्होंने लॉरेंस की बिश्नोई कंपनी को रातों-रात कुख्यात बना दिया. पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की बर्बर हत्या, फिर अभिनेता सलमान खान के घर और कॉमेडियन कपिल शर्मा के रेस्त्रां में फायरिंग की वारदातों ने लॉरेंस बिश्नोई को सुर्खियों में ला दिया.
क्यों हुई पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या?
- 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया. बाद में, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने सोशल मीडिया के जरिए इस हत्याकाडं की जिम्मेदारी ली.
- उसने सोशल मीडिया में जारी वीडियो में बताया कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या बदले की कार्रवाई थी. दरअसल, 2021 में उसके एक गैंग मेंबर विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या कर दी गई थी. बराड़ का आरोप था कि मूसेवाला ने अपनी राजनीतिक ताकत और पैसे का इस्तेमाल करके हत्यारों को बचाया.
- गोल्डी बराड़ ने कहा कि हम चाहते थे कि मूसेवाला को उसके किए की सजा मिले. उसके खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए था, उसे जेल होनी चाहिए थी. लेकिन किसी ने हमारी बात नहीं सुनी, इसलिए हमने खुद ही कार्रवाई की. उसने यह भी कहा कि मूसेवाला बिश्नोई गैंग के दुश्मन बंबीहा गैंग को सपोर्ट कर रहा था.
- अपने वीडियो मैसेज में गोल्डी बराड़ ने सिद्धूमूसेवाला की हत्या के लिए कोई पछतावा नहीं होने की बात कही थी. पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी तादाद में हथियार बरामद किए हैं, लेकिन गोल्डी बराड़ अभी भी अमेरिका में रहकर वारदातों को अंजाम दे रहा है.
यह भी पढ़ें | Lawrence Bishnoi (Part-2): जेल बनी हेडक्वार्टर, कैदी बने मोहरे… जानिए सलाखों के पीछे से कैसे चलती है लॉरेंस की ‘बिश्नोई कंपनी’
क्यों लॉरेंस के निशाने पर आए अभिनेता सलमान खान?
- 14 अप्रैल 2024 की सुबह करीब चार बजे दो बाइक सवारों ने सलमान खान के घर के बाहर 4-5 राउंड फायरिंग की थी. यह फायरिंग सलमान खान के बांद्रा इलाके स्थिति गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर की गई थी. फायरिंग के तुरंत बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी खुद पर ली थी.
- सलमान खान से लॉरेंस बिश्नोई की दुश्मनी 1998 के काले हिरण के शिकार से जुड़ी थी. लॉरेंस गैंग की तरफ से फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए कहा गया था कि काले हिरण को बिश्नोई समुदाय में न केवल पवित्र माना जाता है, बल्कि उनकी पूजा भी की जाती है. सलमान खान ने काले हिरण का शिकार कर उनकी भावनाओं को आहत किया है.
- पुलिस ने इस मामले में गुजरात के भुज इलाके से दो शटूर्स को अरेस्ट किया था, जिनकी पहचान विक्की गुप्ता और सागर पाल के तौर पर हुई थी. इस मामले में सोनू बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी, और हरपाल सिंह भी आरोपी बनाया गया था. सभी के खिलाफ मकोका समेत गंभीर धाराओं में चार्जशीट दायर की गई है थी.
- पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद रफीक चौधरी ने फायरिंग से दो दिन पहले सलमान खान के घर की रेकी की थी. उसने ही सलमान खान के घर का वीडियो लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई को भेजा था. अनमोल और रफीके के बीच हरपाल सिंह के जरिए बात हो रही थी और उसने ही इस वारदात के लिए हथियार मुहैया कराए थे.
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी शामिल था लॉरेंस बिश्नोई!
- महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग चर्चा में आ गया. 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा इलाके में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
- मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने बाबा सिद्दीकी की हत्या के लिए तीन शूटर्स को सुपारी दी थी. इसमें से एक शूटर गुरमेल सिंह था. गुरमेल और लॉरेंस की मुलाकात जेल में हुई थी. जेल से बाहर निकलने के बाद लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था.
- एक फेसबुक पोस्ट के जरिए शुभम लोनकर नाम के शख्स ने दावा किया कि यह हत्या लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने की है. पोस्ट में कहा गया कि बाबा सिद्दीकी को सलमान खान से उनकी नजदीकियों के कारण मारा गया. बाद में मुंबई पुलिस ने प्रवीण लोनकर को गिरफ्तार किया, जो शुभम लोनकर का भाई है. पुलिस का कहना है कि दोनों लोनकर भाइयों ने इस साजिश को अंजाम दिया .
यह भी पढ़ें | Lawrence Bishnoi (Part-1): यूनिवर्सिटी पॉलिटिक्स या गन के ग्लैमर? गांव का साधारण लड़का कैसे बन गया खतरनाक गैंगस्टर
बंबीहा और गोगी गैंग क्यों बने लॉरेंस के दुश्मन?
पुलिस के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सबसे बड़ी दुश्मनी देविंदर बंबीहा गैंग से मानी जाती है. इसके अलावा अलग-अलग समय पर दिल्ली और हरियाणा के अन्य गिरोहों के साथ भी टकराव की घटनाएं सामने आईं हैं. गोल्डी बराड़ ने एक इंटरव्यू में बताया था कि गैंगवार की शुरुआत कैसे हुई. उसके अनुसार, मूसेवाला ने बंबीहा गैंग द्वारा आयोजित एक कबड्डी मैच को प्रमोट किया, जिससे बिश्नोई गैंग नाराज हो गया. विक्की मिड्डूखेड़ा ने बीच-बचाव करके थोड़ी देर के लिए सबको शांत किया, लेकिन उसकी हत्या ने आग में घी का काम किया.
कैसे चलता है बिश्नोई कंपनी का खेल?
पुलिस के अनुसार, अपराध की दुनिया में पैसा सबसे बड़ी ताकत होता है. अलग-अलग मामलों की जांच में सामने आया कि लॉरेंस गैंग ने कारोबारियों और बिल्डरों धमकी देकर रुपयों की उगाही की है. उगाही के लिए डिजिटल नेटवर्क और एन्क्रिप्टेड ऐप्स का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे पुलिस की पकड़ से बचा जा सके. उगाही उसे आने वाले रुपयों का इस्तेमाल नेटवर्क चलाने ओर हथियार खरीदने के लिए किया जाता है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें
