Cricket : रवि बिश्नोई ने सुमेरपुर में खोली क्रिकेट एकेडमी, छोटे शहर के खिलाड़ियों को मिलेंगी इंटरनेशनल लेवल की सुविधाएं

Last Updated:

Ravi Bishnoi Cricket Academy : रवि बिश्नोई ने सुमेरपुर में ‘स्पार्टन क्रिकेट एकेडमी’ का भव्य शुभारंभ किया. इससे स्थानीय युवा क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और सुविधाएं मिलेंगी.

ख़बरें फटाफट

पाली. पाली जिले के सुमेरपुर-शिवगंज क्षेत्र के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बड़ी और खुशखबरी सामने आई है. अब तक जिन खिलाड़ियों को बेहतर ट्रेनिंग और इंटरनेशनल लेवल की सुविधाओं के लिए जोधपुर या जयपुर का रुख करना पड़ता था, उन्हें अब ये सभी सुविधाएं अपने घर के पास ही मिलेंगी. भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रवि बिश्नोई ने सुमेरपुर में ‘स्पार्टन क्रिकेट एकेडमी’ का भव्य शुभारंभ किया है. इस एकेडमी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के टर्फ और कोचिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का बेहतर मौका मिलेगा.

सुमेरपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में क्रिकेट को लेकर युवाओं में जबरदस्त जुनून रहा है, लेकिन बुनियादी ढांचे की कमी हमेशा आड़े आती रही. क्षेत्र में अब तक न तो कोई बड़ी प्राइवेट क्रिकेट एकेडमी थी और न ही सरकारी स्तर पर कोई ऐसा सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम था, जहां खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर सकें. इस वजह से ग्रामीण और कस्बाई युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए मजबूरी में पाली, जोधपुर या जयपुर जाना पड़ता था. इससे न केवल खिलाड़ियों का समय और पैसा खर्च होता था, बल्कि कई मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान खिलाड़ी दूरी के कारण क्रिकेट छोड़ने पर भी मजबूर हो जाते थे. स्पार्टन्स एकेडमी की शुरुआत से अब यह समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है.

अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और कोचिंग
सुमेरपुर की गायत्री कॉलोनी में स्थित स्पार्टन्स क्रिकेट एकेडमी की नई शाखा का विधिवत शुभारंभ मार्च 2026 में हुआ, जिसके बाद सुविधाओं को और अधिक विस्तार दिया गया है. एकेडमी में खिलाड़ियों को निखारने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले टर्फ विकेट तैयार किए गए हैं. यहां अनुभवी कोचों की ओर से बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग के स्पेशल सेशन के साथ-साथ मॉडर्न फिटनेस और फिजिकल ट्रेनिंग का प्रोफेशनल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.

रवि बिश्नोई ने बढ़ाया युवाओं का हौसला
एक विशेष कार्यक्रम के दौरान स्टार लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने एकेडमी का दौरा कर युवाओं को ट्रेनिंग से जुड़े टिप्स दिए. रवि बिश्नोई को अपने बीच पाकर युवा खिलाड़ी बेहद उत्साहित नजर आए. बिश्नोई ने न केवल खिलाड़ियों को ऑटोग्राफ दिए और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, बल्कि नेट सेशन के दौरान कई युवाओं के खेल की बारीकियों को परखकर उनका मार्गदर्शन भी किया.

युवाओं को सही मार्गदर्शन की है जरूरत
रवि बिश्नोई ने कहा कि राजस्थान के छोटे शहरों और कस्बों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन की जरूरत है. उन्होंने खिलाड़ियों को विश्वास दिलाया कि वे इस एकेडमी के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में हर संभव सहयोग देंगे.

About the Author

आनंद पाण्डेयContent Producer

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *