Last Updated:
Chapra Farmer Rajesh Prasad Story: आप भी नकदी फसल कर बेहतर मुनाफा कमाना चाहते हैं? तो छपरा के 8वीं पास किसान राजेश प्रसाद की कहानी जानें. राजेश प्रसाद मूली की खेती से बंपर मुनाफा कमा रहे हैं. वे 1 कट्ठे से 5000 रुपये तक कमाते हैं. फसल 25-30 दिन में तैयार हो जाती है. मल्टी-क्रॉपिंग से उन्हें रोज कमाई होती है.
छपरा: कृषि के क्षेत्र में कम लागत और कम समय में बेहतर मुनाफा कमाया जा सकता है? इसका जवाब है हां. इसको कैसे कमाया जाए इसकी मिसाल सारण (छपरा) जिले के लहलादपुर प्रखंड स्थित सारण गांव के किसान राजेश प्रसाद ने पेश की है. महज 8वीं कक्षा तक पढ़े राजेश प्रसाद अपनी व्यावहारिक सोच और आधुनिक तकनीकों के दम पर कृषि विशेषज्ञों को भी हैरान कर रहे हैं. वे कम अवधि वाली नकदी फसलों की खेती कर बहुत कम समय में बंपर कमाई कर रहे हैं.
1 कट्ठे की फसल से 5 हजार की बचत
राजेश प्रसाद का मुख्य फोकस ऐसी फसलों पर रहता है जो तेजी से तैयार हों और बाजार में तुरंत बिक सकें. उनकी सफलता का मुख्य जरिया मूली की खेती है. 1 कट्ठा खेत में उन्नत किस्म के मूली के बीज और खाद का खर्च महज 300 से 500 रुपये आता है. और बात करें उत्पादन की तो 1 कट्ठा जमीन से लगभग 4 से 5 क्विंटल मूली की पैदावार आसानी से मिल जाती है. वहीं कमाई वर्तमान में बाजार में मूली 40 से 50 रुपये प्रति किलो के भाव बिक रही है. इस हिसाब से 1 कट्ठे की मूली बेचकर किसान 5000 रुपये तक का शुद्ध मुनाफा कमा लेते हैं.
25 से 30 दिन में तैयार होती है फसल
राजेश प्रसाद बताते हैं कि मूली और पालक जैसी हरी सब्जियां मात्र 25 से 30 दिनों में बिकने के लिए तैयार हो जाती हैं. इतने कम समय में फसल चक्र पूरा होने से जमीन खाली नहीं रहती. जैसे ही मूली की फसल खत्म होती है, वे तुरंत उसी खेत में बैंगन, टमाटर या गोभी लगा देते हैं. इससे सीजन में बेहतर कमाई होती है.
मल्टी-क्रॉपिंग से रोजाना जेब में आता है पैसा
केवल एक फसल पर निर्भर रहने के बजाय वे मल्टी-क्रॉपिंग तकनीक अपनाते हैं. दैनिक खर्च और नियमित आय के लिए उन्होंने गोभी, हरी मिर्च, बैंगन और टमाटर जैसी फसलें लगा रखी हैं. 8वीं पास राजेश प्रसाद का यह अनुभव साबित करता है कि अगर सही समय पर उन्नत बीजों और सही फसल का चुनाव किया जाए, तो खेती घाटे का सौदा नहीं बल्कि रोज मुनाफा देने वाला व्यवसाय बन सकती है.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें
