चाइना मास्टर्स में लक्ष्य सेन की चुनौती पहले दौर में खत्म, किदांबी श्रीकांत ने किया कमाल

Last Updated:

भारत के स्टार शटलर लक्ष्य सेन चाइना मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर से बाहर हो गए. लक्ष्य को कनाडा के विक्टर लाई ने हराया. विक्टर के खिलाफ मुकाबले में लक्ष्य पूरी तरह अपने लय से भटके हुए दिख रहे थे. यही कारण है कि भारतीय खिलाड़ी को अपना मैच गंवाना पड़ा. वहीं, पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत ने अपना पहला मैच जीता.

चाइना मास्टर्स के पहले दौर से लक्ष्य सेन बाहर

नई दिल्ली: चाइना मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय शटलर लक्ष्य सेन की चुनौती पहले ही दौर में खत्म हो गई. लक्ष्य को कनाडा के विक्टर लाई के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा, जबकि किदांबी श्रीकांत दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे. विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य ने लगातार गलतियां की और विश्व में नौवें नंबर के खिलाड़ी लाई से 38 मिनट में 14-21 7-21 से हार गए.

लाई ने पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप में अपना दूसरा कांस्य पदक जीता था. यह लक्ष्य की कनाडाई खिलाड़ी के हाथों तीसरी हार थी. उन्होंने लाई के खिलाफ एकमात्र जीत इसी साल मार्च में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में हासिल की थी. भारत के अनुभवी खिलाड़ी श्रीकांत ने हालांकि पुरुष एकल के एक अन्य मैच में चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-16 21-15 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई.

ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो की जोड़ी को मिली जीत

भारत की मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो ने भी थाईलैंड के टोन्नाकोर्न साएहेंग और टोनिचा साएहेंग को 21-8 21-9 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया. लक्ष्य के लिए पिछले कुछ सप्ताह मुश्किल भरे रहे हैं. वह नयी दिल्ली में खेली गई विश्व चैंपियनशिप में भी जल्दी बाहर हो गए थे.

लाई के खिलाफ बुधवार को यहां उन्हें शुरू से ही संघर्ष करना पड़ा और उन्होंने लगातार कई गलतियां की जिसका कनाडा के खिलाड़ी ने पूरा फायदा उठाया. पहले गेम में लक्ष्य ने 4-0 से शुरुआती बढ़त बना ली थी, लेकिन लाई ने जल्द ही नियंत्रण हासिल कर लिया. उन्होंने लक्ष्य को लय हासिल नहीं करने दी और आसानी से पहला गेम अपने नाम कर दिया.

पूरे मैच में लय में नहीं नजर आए लक्ष्य सेन

लक्ष्य दूसरे गेम में भी किसी भी समय लय में नहीं दिखे और उनकी निराशा बढ़ती गई क्योंकि लाई लगातार दबाव बनाए रखकर उन्हें गलतियां करने के लिए मजबूर करते रहे. लक्ष्य इंटरवल तक 4-11 से पीछे थे और वापसी करने में नाकाम रहे, जिससे कनाडाई खिलाड़ी ने बिना किसी परेशानी के मैच अपने नाम कर लिया.

About the Author

Jitendra Kumar

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *