Last Updated:
दिल्ली वालों के लिए ट्रैफिक पुलिस से जुड़ा एक सबसे बड़ा सिरदर्द अब सॉल्व हो गया है. ट्रैफिक पुलिस की नई अपग्रेडेड वेबसाइट से अब घर बैठे पता चलेगा कि टो की गई गाड़ी कौन से यार्ड में है. गाड़ी नंबर डालते ही चालान की कुंडली सामने आ जाएगी और QR कोड से तुरंत UPI पेमेंट भी हो जाएगा. साथ ही लाइव ट्रैफिक अपडेट्स और बेस्ट रूट्स का भी पता चलेगा. नो मोर पैनिक, बस एक क्लिक.
ट्रैफिक पुलिस ने नया पोर्टल लॉन्च कर दिया है.
अगर आप भी दिल्ली की सड़कों पर गाड़ी चलाते हैं और अचानक आपकी गाड़ी गायब हो जाए तो अब पैनिक होने या क्रेन वाले के पीछे भागने का जमाना गया. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आखिरकार अपनी पुरानी घिसी-पिटी वेबसाइट को ऐसा हाई-टेक मेकओवर दिया है कि आप सुनकर ही कहेंगे, “भाई, यह फीचर पहले क्यों नहीं था?” दिल्ली के उपराज्यपाल तारणजीत सिंह संधू ने गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस का नया और अपग्रेडेड डिजिटल पोर्टल लॉन्च कर दिया है. अब आपकी गाड़ी कहां टो होकर गई है, उस पर कितना चालान कटा है और बेस्ट ट्रैफिक-फ्री रूट कौन सा है. सब कुछ आपके स्मार्टफोन की एक क्लिक पर मिलेगा.
टो की गई गाड़ी कहां पहुंचेगी, ऑनलाइन पता चलेगा
नई वेबसाइट की सबसे अहम सुविधाओं में से एक है टो किए गए वाहन की लोकेशन पता करना. अगर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन या किसी अन्य वजह से आपकी गाड़ी टो हो जाती है तो अब उसे ढूंढने के लिए अलग-अलग जगह पूछताछ करने की जरूरत नहीं होगी. वेबसाइट के जरिए संबंधित वाहन और उसे ले जाए गए टोइंग लोकेशन की जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी.
गाड़ी नंबर डालते ही दिखेगा चालान
वेबसाइट पर वाहन नंबर डालकर लोग अपने वाहन के खिलाफ जारी चालानों की जानकारी भी देख सकेंगे. इसके साथ ही चालान की रकम का भुगतान करने की सुविधा भी दी गई है. इसके लिए वेबसाइट पर उपलब्ध QR कोड के जरिए भुगतान किया जा सकेगा.
ट्रैफिक जाम और बेहतर रूट की जानकारी
वेबसाइट पर लोगों को सड़कों पर ट्रैफिक और जाम की स्थिति की जानकारी भी मिलेगी. इसके जरिए यूजर अपने लिए बेहतर रूट का पता लगा सकेंगे. इसके अलावा वेबसाइट पर एक इंटरैक्टिव सुविधा दी गई है, जिसके जरिए लोग अलग-अलग रोड साइन और रोड मार्किंग का मतलब समझ सकेंगे. इससे वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने में मदद मिलेगी.
मोबाइल पर आसानी से इस्तेमाल होगी वेबसाइट
अपग्रेड की गई वेबसाइट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसे मोबाइल फोन, टैबलेट और दूसरे डिवाइस पर आसानी से एक्सेस किया जा सके. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक रोजमर्रा में ट्रैफिक पुलिस से जुड़ी लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसे ज्यादा यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है. वेबसाइट में साइबर सिक्योरिटी के बेहतर इंतजाम भी किए गए हैं, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म मिल सके.
आगे नई सेवाएं भी जोड़ी जा सकेंगी
नई वेबसाइट को भविष्य के लिहाज से भी तैयार किया गया है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई नागरिक सेवाओं और पहलों को आने वाले समय में इसी प्लेटफॉर्म पर जोड़ा जा सकेगा. लॉन्च के मौके पर LG ने कहा कि वेबसाइट सिर्फ प्रशासनिक जानकारी देने वाला प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि रोड सेफ्टी जागरूकता, नागरिक शिक्षा और लोगों की सक्रिय भागीदारी का इंटरैक्टिव हब बननी चाहिए. उन्होंने तकनीक के इस्तेमाल से सरकारी सेवाओं को ज्यादा सुलभ, प्रभावी और लोगों की जरूरत के मुताबिक बनाने पर जोर दिया. इस मौके पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार, स्पेशल CP ट्रैफिक अजय चौधरी, ज्वाइंट CP ट्रैफिक, एडिशनल CP ट्रैफिक और DCP स्तर के अधिकारी मौजूद रहे.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें
