नॉर्दर्न रेलवे की ओर से बड़ी खबर सामने आई है. 11 से 13 सितंबर तक राजधानी और वंदे भारत समेत करीब 120 ट्रेनें रद्द या डायवर्ट कर दी गई है. उत्तरी रेलवे की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि करीब 120 ट्रेनों का ऑपरेशनल कारणों की वजह से रीशेड्यूल किया गया है. इनमें राजधानी और तेजस राजधानी जैसी ट्रेनें भी शामिल हैं.
लंबी दूरी की इन प्रमुख ट्रेनों के दिल्ली में न पहुंचने या डायवर्ट होने से लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ सकती हैं. सबसे खास बात है कि ट्रेनों का यह रूट डायवर्जन उस समय में लागू किया गया है जब दिल्ली में 18वां ब्रिक्स सम्मेलन हो रहा है. हालांकि रेलवे की ओर से ऐसा कुछ नहीं कहा गया है कि ट्रेनों के समय और रूट में यह बदलाव ब्रिक्स की वजह से किया जा रहा है.
क्यों उत्तर रेलवे इस हफ्ते दिल्ली की ट्रेनें प्रभावित कर रहा है?
ये ट्रेनें डायवर्ट की गई हैं.
तीन दिन का यह बदलाव बिल्कुल समिट की तारीखों से मेल खाता है. बता दें कि भारत “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” थीम पर ब्रिक्स समिट की मेजबानी कर रहा है. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान समेत कई नेता भारत में होने जा रहे इस सम्मेलन में शामिल होने आ रहे हैं.
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने 10 सितंबर को जारी प्रेस रिलीज में सिर्फ “ऑपरेशनल कारणों” का जिक्र किया है. समिट का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया गया, हालांकि तारीखें पूरी तरह से समिट से मेल खाती हैं. इन ट्रेनों के शेड्यूल में ज्यादातर बदलाव नई दिल्ली स्टेशन को केंद्र में रखकर किए गए हैं.
कौन-कौन सी प्रीमियम और लंबी दूरी की ट्रेनें हो रहीं प्रभावित?
- 20840 न्यू दिल्ली-रांची राजधानी (डायवर्ट)
- 12424 न्यू दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी (डायवर्ट)
- 12314 न्यू दिल्ली-सियालदह राजधानी (डायवर्ट)
- 12306 / 12302 न्यू दिल्ली-हावड़ा राजधानी (डायवर्ट)
- 22812 न्यू दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी (डायवर्ट)
- 12394 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (डायवर्ट)
- 12952 / 12951 तेजस राजधानी (देरी/रीशेड्यूल)
- 12310 न्यू दिल्ली-राजेंद्र नगर तेजस राजधानी (देरी)
- 22415 बनारस-न्यू दिल्ली वंदे भारत (रेगुलेटेड)
- 12382 न्यू दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस (देरी
अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनें जैसे गोमती एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और शिव गंगा सुपरफास्ट भी डायवर्ट या प्रभावित हैं. ये ट्रेनें नई दिल्ली-दिल्ली जंक्शन-साहिबाबाद, दिल्ली शाहदरा या हजरत निजामुद्दीन जैसे वैकल्पिक रूट से चलेंगी.
रद्द की गईं मुख्य लोकल ट्रेनें (EMU/MEMU):
- 64015 पलवल-शकूरबस्ती
- 64429, 64433 गाजियाबाद-न्यू दिल्ली
- 64492 न्यू दिल्ली-पलवल लेडीज स्पेशल
- 64491 दिल्ली जंक्शन-शामली
इसके अलावा और कई अन्य गाजियाबाद, पलवल, शकूरबस्ती से जुड़ी सेवाएं भी रद्द की गई हैं.
कुल मिलाकर 26 ट्रेनें रद्द की गई हैं, इनमें ज्यादातर लोकल सेवाएं हैं. कई ट्रेनें गाजियाबाद, पलवल, दिल्ली शाहदरा या निजामुद्दीन से शुरू या समाप्त होंगी.
यात्रियों को क्या करना चाहिए?
उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) चेक करें या 139 पर कॉल करें. कई कनेक्टिंग ट्रेनों का आगे का सफर पिछली ट्रेन के समय पर निर्भर करेगा. स्टेशन पहुंचने से पहले स्थिति जरूर देख लें और अतिरिक्त समय निकालकर घर से निकलें.
