Delhi Traffic Alert: आज 12 सितंबर 2026 है. आज यानी शनिवार से नई दिल्ली में ब्रिक्स समिट 2026 का विधिवत आगाज हो रहा है. ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के चलते दिल्ली में आज यानी शनिवार से ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. शनिवार सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक दिल्ली के कई प्रमुख सड़कों पर पाबंदियां और रूट डायवर्जन लागू होंगे. इसका सबसे ज्यादा असर भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास देखने को मिलेगा. सेंट्रल दिल्ली को जोड़ने वाले कई रास्तों पर भी ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा. इनमें रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग और इंडिया गेट के आसपास के रास्ते शामिल हैं. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले अतिरिक्त समय रखने की अपील की है. जहां संभव हो, मेट्रो से सफर करने की सलाह दी गई है. तो चलिए जानते हैं कि दिल्ली-एनसीआर वालों को किन रूट से बचना चाहिए, किन रास्तों से चलना चाहिए
कहां-कहां लागू रहेंगे प्रतिबंध?
दरअसल, भारत 12 और 13 सितंबर को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है. ऐसे में दिल्ली में ट्रैफिक को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है. दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह साढ़े नौ बजे से रात साढ़े नौ बजे तक कई सड़कों पर प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू रहेंगे. यातायात प्रतिबंधों का विशेष रूप से असर भारत मंडपम/प्रगति मैदान के आसपास की सड़कों पर पड़ेगा. मध्य दिल्ली क्षेत्र को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिमी दिल्ली से जोड़ने वाले कई महत्वपूर्ण मार्गों पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा.
किन-किन रास्तों से बचें
ट्रैफिक एडवाइजरी में चिह्नित प्रमुख मार्गों में रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट/सी-हेक्सागन क्षेत्र, सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, एनएच-48 और परेड रोड के अलावा लुटियंस दिल्ली क्षेत्र की कई सड़कें शामिल हैं. दिल्ली पुलिस ने लोगों से अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने और जहां भी संभव हो, मेट्रो का इस्तेमाल करने का आग्रह किया है. यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गो का इस्तेमाल करने और सुविधा से बचने के लिए यातायात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को भी कहा है. पुलिस ने कहा कि आपातकालीन और आवश्यक सेवा वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा.
13 सितंबर तक इन कंट्रोल्ड सड़कों से न गुजरें.
मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, टी-पॉइंट-लोधी रोड फ्लाईओवर, तीस जनवरी मार्ग, जनपथ, सत्य मार्ग, पृथ्वी राज रोड, फिरोज शाह रोड, अशोका रोड, तुगलक रोड, नीता गुंबद, पंचशील मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू (शांति पथ कॉर्नर से विश्वरी प्लेस तक), ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, शांति पथ, शेरशाह सूरी मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, तिलक मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, अकबर रोड, सरदार पटेल मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, कर्तव्य पथ, पुराना किला रोड, सफदरजंग रोड और न्याय मार्ग.
एयरपोर्ट जाने के लिए क्या करें
- एयरपोर्ट जाने के लिए गुरुग्राम से आने वाले लोग NH-48, द्वारका एक्सप्रेसवे या मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- नई दिल्ली और साउथ दिल्ली से आने वाले रिंग रोड, आईटीओ या मेट्रो का विकल्प अपना सकते हैं.
- द्वारका से आने वाले Dwarka Road या मेट्रो से जा सकते हैं.वेस्ट दिल्ली से आने वाले पंजाबी बाग चौक, रिंग रोड या मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो सेवाओं को सबसे बेहतर विकल्प बताया है. लिहाजा सटीक समय में लोग एयरपोर्ट एक्सप्रेस लेकर एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं.
