सत्य निकेतन के बाद दिल्ली के गांधीनगर में हड़कंप, अचानक झुक गई 4 मंजिला इमारत, दमकल और MCD की टीम तैनात

होमताजा खबरDelhi

सत्य निकेतन के बाद दिल्ली के गांधीनगर में हड़कंप, अचानक झुक गई 4 मंजिला इमारत

Last Updated:

सत्य निकेतन हादसे के खौफ से दिल्ली अभी उबरी भी नहीं थी कि पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में अचानक एक चार मंजिला इमारत के खतरनाक तरीके से झुकने से भारी अफरा-तफरी मच गई. दो इमारतों के बीच गहरी दरारें आने और ढांचा एक तरफ झुकने के बाद आसपास रहने वाले परिवारों में हड़कंप मच गया. किसी भी बड़े हादसे को टालने के लिए प्रशासन ने पूरी इमारत को तुरंत खाली कराकर इलाके की बैरिकेडिंग कर दी है. सूचना मिलते ही एमसीडी, दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और इमारत को बेहद संवेदनशील मानते हुए मालिक को नोटिस जारी कर दिया.

गांधीनगर में मकान झुकने के बाद पूर्व मेयर ने एमसीडी अफसरों पर सवाल उठाए हैं.

नई दिल्ली. पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में चार मंजिला इमारत के अचानक झुकने से हड़कंप मच गया. इमारत की हालत देखकर आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल है. फिलहाल, एहतियात के तौर पर पूरी इमारत को खाली करा दिया गया है. सुरक्षा के मद्देनजर इमारत के आसपास घेराबंदी कर दी गई है, ताकि कोई व्यक्ति उसके नजदीक न जा सके. मामले की सूचना मिलने के बाद एमसीडी की टीम भी मौके पर पहुंची और इमारत की स्थिति का जायजा लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. फिलहाल, इमारत को खाली रखा गया है और आसपास के लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

इस मामले में पूर्व महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “मैं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचा था. वहां मैंने देखा कि दो मकानों के बीच दरार आई है. एक मकान भी हल्का का झुक गया है. नगर निगम के अधिकारी, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें भी मौके पर आईं. अधिकारियों ने जांच में पाया कि इमारत गिरने का खतरा है, इसलिए उन्होंने इसे खाली कराया है.

श्याम सुंदर अग्रवाल ने बताया कि इमारत को समय से पहले खाली कराया जा चुका है और इसके मालिक को एक नोटिस भी दिया गया है. उन्होंने कहा कि यह इमारत कभी भी गिर सकती है और कोई बड़ा हादसा हो सकता है. दिल्ली में अवैध निर्माणों और जर्जर इमारतों पर कार्रवाई को लेकर उन्होंने कहा कि यह देरी से उठाया गया सही कदम है. अवैध निर्माण और खतरनाक इमारतों पर कार्रवाई जरूर होनी चाहिए.

पूर्व महापौर ने कहा, “सवाल यह है कि पांच-छह मंजिला मकान एक दिन में नहीं बनता है. लेकिन जब यह बनकर तैयार हो रहे थे, तब नगर निगम के अधिकारी कहां सोए हुए थे. पांचवीं और छठी मंजिल के मकान अधिकारियों की मिलीभगत के कारण ही बने हैं. इसलिए ऐसी इमारतों के खिलाफ कार्रवाई होनी ही चाहिए.” ज्ञात हो कि 6 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत गिरने के कारण कम से कम सात लोगों की मौत हो गई. इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के पीजी के तौर पर हो रहा था.

About the Author

राकेश रंजन कुमार

राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *