Last Updated:
How To Make Many Plants From One Plant: कई पौधे ऐसे होते हैं जिनसे एक पौधे से कई पौधे बनाए जा सकते हैं. क्रूटन, स्पाइडर प्लांट और स्नेक प्लांट कुछ ऐसी ही सजावटी पौधों की वैरायटी है जिन्हें कटिंग से आसानी से उगाया जा सकता है. इससे कम खर्च में घर का गार्डन बड़ा किया जा सकता है.
पलामू. आज के दौर में शहरों में घरों के अंदर और बालकनी में पौधे लगाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. पौधे घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ वातावरण को भी बेहतर बनाते हैं. हालांकि, बार-बार नए पौधे खरीदने पर खर्च बढ़ जाता है. ऐसे में कुछ ऐसे इंडोर और सजावटी पौधे हैं, जिन्हें सही तरीके से लगाकर एक पौधे से कई नए पौधे तैयार किए जा सकते हैं. इससे घर का छोटा-सा गार्डन धीरे-धीरे बिना ज्यादा खर्च के अच्छा बड़ा किया जा सकता है.
क्रूटन की कटिंग से तैयार करें नए पौधे
एक्सपर्ट डॉ. डी एस श्रीवास्तव ने बताया कि क्रूटन अपने रंग-बिरंगे और आकर्षक पत्तों के कारण सजावटी पौधों में काफी लोकप्रिय है. इसे तने की कटिंग के जरिए भी तैयार किया जा सकता है. स्वस्थ शाखा की कटिंग लेकर उचित मिट्टी में लगाने पर जड़ें विकसित हो सकती हैं. इसके लिए मिट्टी में जल निकासी की अच्छी व्यवस्था जरूरी है. हल्की नमी और पर्याप्त रोशनी मिलने पर कटिंग के विकसित होने की संभावना बढ़ जाती है.
दूध निकलने वाले पौधों में भी कटिंग कारगर
उन्होंने आगे कहा कि कुछ सजावटी पौधों की शाखा या तने को काटने पर सफेद दूध जैसा रस निकलता है. ऐसे पौधों की कई प्रजातियों को तने की कटिंग से बढ़ाया जा सकता है. कटिंग को लगाने से पहले उसका दूधिया रस निकलने दें और कटे हिस्से को कुछ समय सूखने दें. इसके बाद इसे उपयुक्त मिट्टी में लगाया जा सकता है. ऐसे पौधों की कटिंग करते समय निकलने वाले रस को त्वचा और आंखों से बचाना चाहिए.
बालू और बलुई मिट्टी का करें इस्तेमाल
उन्होंने कहा कि कटिंग से पौधे तैयार करने के लिए ऐसी मिट्टी बेहतर रहती है, जिसमें पानी जमा न हो. बालू, बलुई मिट्टी और जैविक सामग्री का उचित मिश्रण कई सजावटी पौधों की कटिंग के लिए उपयोगी हो सकता है. गमले में जल निकासी के लिए नीचे छेद जरूर होना चाहिए. ज्यादा पानी देने से कटिंग सड़ सकती है.
स्पाइडर प्लांट और स्नेक प्लांट भी आसान विकल्प
स्पाइडर प्लांट अपने लंबे तनों पर छोटे-छोटे पौधे तैयार करता है. इन पौधों को अलग करके दूसरे गमले में लगाया जा सकता है. वहीं स्नेक प्लांट में जड़ों के पास छोटे पौधे निकलते हैं, जिन्हें अलग कर नए गमले में लगाया जा सकता है. दोनों पौधों की देखभाल अपेक्षाकृत आसान है.
एक पौधे से बढ़ाएं अपना गार्डन
मनी प्लांट और कुछ अन्य बेल वाले पौधों को भी तने की कटिंग से आसानी से बढ़ाया जा सकता है. इस तरह पौधे खरीदने के बजाय घर में मौजूद स्वस्थ पौधों से ही नई पौध तैयार की जा सकती है. सही रोशनी, सीमित पानी, अच्छी जल निकासी और उचित मिट्टी का ध्यान रखा जाए तो कुछ ही समय में एक पौधे से कई गमले तैयार किए जा सकते हैं.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें
