कर्तव्य पथ पर जलेंगे सवा लाख दीये, खाटू धाम में 108 कुंडलीय यज्ञ; PM मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली सरकार का मेगा प्लान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली की रेखा सरकार सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना के साथ गुरुवार को चार प्रमुख कार्यक्रम आयोजित करेगी. इनमें कर्तव्य पथ पर सवा लाख दीयों का प्रज्वलन, त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर, खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडलीय यज्ञ और श्रमिकों के लिए ‘श्रमिक सेवा केंद्र’ का शुभारंभ शामिल है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली सरकार एक माह तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी. इस दौरान परिवहन, सड़क, सीवरेज, जल शोधन, शिक्षा, बिजली, सार्वजनिक सुविधाओं और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा.

सवा लाख दीयों से पीएम मोदी को ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के अंतर्गत एक विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. गुरुवार को शाम 7 बजे कर्तव्य पथ पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों आदि द्वारा एक लाख दीये प्रज्वलित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में होने वाला यह आयोजन पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को समर्पित होगा. ‘जन सेवा से देश सेवा’ के मूल मंत्र से प्रेरित यह कार्यक्रम जनभागीदारी और सेवा भावना का सशक्त संदेश देगा. एक साथ प्रज्वलित होने वाले एक लाख दीये नागरिकों की शुभकामनाओं, आशीर्वाद, सहभागिता और राष्ट्रसेवा के संकल्प का प्रतीक बनेंगे. मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से गुरुवार की शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घर और आंगन में पीएम मोदी के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि यह दीया पीएम मोदी के स्वस्थ जीवन, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए नागरिकों की प्रार्थना और शुभकामनाओं का प्रतीक होगा.

त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर
सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर आयोजित होगा, जिसमें 2,500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है. शिविर में दिल्ली सरकार के 11 अस्पतालों के ब्लड बैंक, आर्मी हॉस्पिटल, लेडी हार्डिंग कॉलेज, सफदरजंग हॉस्पिटल और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की भागीदारी रहेगी. स्वास्थ्य विभाग, दिल्ली पुलिस, होम गार्ड एवं सिविल डिफेंस, डीटीसी, राजस्व विभाग, दिल्ली नगर निगम, एनडीएमसी, दिल्ली फायर सर्विस, शिक्षा विभाग, रेड क्रॉस, एनजीओ, आरडब्ल्यूए और कॉरपोरेट क्षेत्र से जुड़े लोग भी रक्तदान करेंगे. मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से इस अभियान में भाग लेने की अपील की है.

पीएम मोदी के लिए 108 कुंडलीय यज्ञ
अलीपुर के जीटी करनाल रोड स्थित खाटू श्याम दिल्ली धाम में पीएम मोदी के जन्मदिवस पर 108 कुंडलीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा. यज्ञ के माध्यम से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए प्रार्थना एवं शुभकामनाएं दी जाएंगी. इस अवसर पर दृष्टिहीन बच्चों की ओर से सस्वर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाएगा.

श्रमिकों तक सीधे पहुंचेंगी सरकारी सेवाएं
दिल्ली सरकार श्रमिकों के लिए ‘श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत करेगी. इन केंद्रों पर श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण में सहायता, दस्तावेजों के सत्यापन, आवेदन की स्थिति की जानकारी, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा दावों और अन्य सेवाओं के लिए मार्गदर्शन एक ही स्थान पर मिलेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि श्रमिकों को सरकारी सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि जरूरी सेवाएं उनके करीब उपलब्ध हों.

पीएम मोदी ने राष्ट्रसेवा को बनाया जीवन का संकल्प
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने अपने परिश्रम, देशप्रेम और समर्पण के बल पर देश के प्रधानमंत्री पद तक का सफर तय किया है. गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिन पर नागरिकों की शुभकामनाएं, प्रार्थना और सेवा का संकल्प उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है और उन्होंने उनके स्वस्थ जीवन तथा निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए ईश्वर से आशीर्वाद की कामना की.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *