Last Updated:
Ghaziabad News: सोने की कीमतों में तेजी के कारण ग्राहकों का रुझान चांदी की ज्वेलरी की ओर बढ़ा है, जिसमें चेन, कड़े और ब्रेसलेट की मांग अधिक है. कारोबारियों को आने वाले त्योहारों और शादी के सीजन में चांदी की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है.
गाजियाबाद: सोने की कीमतों में तेजी के बीच अब चांदी भी लोगों की पसंद बनती जा रही है. महंगे सोने के कारण जहां कई ग्राहकों ने खरीदारी का बजट कम किया है, वहीं चांदी को उसके मुकाबले किफायती विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है. बाजार में चांदी की चेन, कड़े, ब्रेसलेट, पायल, सिक्के और मूर्तियों की मांग बनी हुई है. युवाओं में चांदी की हल्की और आधुनिक डिजाइन वाली ज्वेलरी का चलन तेजी से बढ़ रहा है. कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले त्योहारों और शादी के सीजन में इसकी मांग और बढ़ सकती है.
सर्राफा एसोसिएशन गाजियाबाद के महामंत्री गौरव गर्ग ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में चांदी के भाव में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. उनके अनुसार, एक समय चांदी करीब एक से सवा लाख रुपये के स्तर पर थी, लेकिन तेजी के दौर में यह करीब 4.20 लाख रुपये तक पहुंच गई. इसके बाद इसमें गिरावट आई और अब भाव करीब 2.40 लाख रुपये के आसपास चल रहा है. चांदी की औद्योगिक मांग, खासकर इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में इस्तेमाल बढ़ने से भी इसकी कीमतों पर असर पड़ा है.
चांदी के आभूषण पहनना पसंद
सोने की ऊंची कीमतों का असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी दिखाई दे रहा है. करीब 10 से 15 फीसदी ग्राहक ऐसे हैं जो सोने की जगह चांदी की ज्वेलरी खरीद रहे हैं. चांदी की चेन, कड़े और ब्रेसलेट युवाओं में पसंद किए जा रहे हैं. इसके अलावा धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताओं के कारण भी कुछ लोग चांदी के आभूषण पहनना पसंद करते हैं. चांदी के गिफ्ट आइटम की तस्वीर भी अब बदल रही है. पहले 2 से 3 हजार रुपये के बजट में चांदी के गिलास या दूसरे छोटे सामान आसानी से मिल जाते थे, लेकिन कीमत बढ़ने के कारण उसी बजट में विकल्प सीमित हो गए हैं.
युवाओं की पसंद में भी बड़ा बदलाव
अब करीब 3100 रुपये में चांदी का सिक्का मिल रहा है, जबकि मूर्तियों और दूसरे छोटे गिफ्ट आइटम की मांग भी बनी हुई है. कारोबारियों के अनुसार 40 से 50 हजार रुपये के चांदी के गिफ्ट, जो पहले आसानी से बिक जाते थे, अब बढ़ती कीमत के कारण करीब डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच गए हैं. युवाओं की पसंद में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. खासकर Gen-Z को भारी ज्वेलरी के बजाय पतली, हल्की और स्लीक डिजाइन पसंद आ रही है. लड़कियां छोटी चेन और छोटे लॉकेट पसंद कर रही हैं, वहीं लड़के भी हल्की और डिजाइनर चेन की मांग कर रहे हैं.
युवा अलग-अलग जगह करें निवेश
इटैलियन, हॉन्कॉन्ग और बैंकॉक डिजाइन वाली चांदी की फैशनेबल ज्वेलरी बाजार में युवाओं को आकर्षित कर रही है. आने वाले त्योहारों और शादी के सीजन को देखते हुए कारोबारियों को चांदी की मांग बढ़ने की उम्मीद है. हालांकि चांदी और सोने की कीमतों को लेकर कारोबारी भविष्यवाणी से बचने की सलाह दे रहे हैं. गौरव गर्ग का कहना है कि कीमतों में तेजी के समय सोशल मीडिया पर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं लेकिन बाजार में अचानक गिरावट भी आ सकती है. ऐसे में बचत या निवेश करने वालों को अपनी पूरी पूंजी किसी एक धातु में लगाने के बजाय अलग-अलग जगह बांटकर रखने पर विचार करना चाहिए.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ें
