चखा है कभी पीली मूंग दाल का क्रिस्पी पैनकेक? कुछ सिम्पल स्टेप्स में झटपट होगा तैयार, बच्चे कहेंगे और खाना है

Moong Dal Pancake Recipe: सुबह नाश्ते की तैयारी में समय कम हो और कुछ ऐसा बनाने का मन हो जो स्वादिष्ट होने के साथ पेट भी भरे, तो मूंग दाल का यह पैनकेक अच्छा विकल्प बन सकता है. घर में रखी पीली मूंग दाल को कुछ देर भिगोकर पीसा जाता है और फिर इसमें गाजर, शिमला मिर्च, टमाटर और मसाले मिलाए जाते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा तेल की जरूरत नहीं पड़ती. ऊपर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम टेक्सचर इसे आम चीला से थोड़ा अलग बनाता है.

बैटर में फ्रूट सॉल्ट डालने से यह हल्का और स्पंजी भी बनता है. इसे सुबह के नाश्ते या बच्चों के टिफिन में चटनी के साथ परोसा जा सकता है.

मूंग दाल पैनकेक बनाने के लिए ऐसे तैयार करें बैटर
सबसे पहले धुली हुई पीली मूंग दाल को 2 से 3 बार पानी से अच्छी तरह धो लें. अब इसे करीब 2 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रखें. दाल फूल जाए तो अतिरिक्त पानी निकाल दें. भीगी हुई दाल को मिक्सी में डालें. इसमें थोड़ा हल्दी पाउडर, अदरक का छोटा टुकड़ा और करीब एक-चौथाई कप पानी डालकर बारीक पीस लें. तैयार पेस्ट को एक बड़े बाउल में निकालें, अगर बैटर बहुत गाढ़ा लगे तो इसमें 2 चम्मच पानी डालकर कंसिस्टेंसी ठीक कर लें. ध्यान रखें कि बैटर बहुत पतला नहीं होना चाहिए.

सब्जियों से बढ़ाएं स्वाद
अब बैटर में बारीक कटा प्याज, शिमला मिर्च, टमाटर, कद्दूकस की हुई गाजर, हरा धनिया, हरी मिर्च और कढ़ी पत्ता डालें. इसमें जीरा, चिली फ्लेक्स और स्वादानुसार नमक मिलाएं. सभी सामग्री को चम्मच से अच्छी तरह मिला लें. सब्जियों की मात्रा आप अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा रख सकते हैं. गाजर और शिमला मिर्च से पैनकेक में हल्का क्रंच आता है, अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो हरी मिर्च कम रख सकते हैं.

फ्रूट सॉल्ट से बनेगा हल्का और स्पंजी पैनकेक
पैनकेक को थोड़ा फूला हुआ और स्पंजी बनाने के लिए बैटर में एक शैशे फ्रूट सॉल्ट डालें. इसके ऊपर थोड़ा पानी डालें और तुरंत हल्के हाथ से बैटर में मिला दें. इसे बहुत देर तक फेंटने की जरूरत नहीं है. फ्रूट सॉल्ट मिलाने के बाद बैटर को ज्यादा देर रखने के बजाय तुरंत पैनकेक बनाना बेहतर रहेगा.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

कम तेल में ऐसे सेंकें मूंग दाल पैनकेक
अब कड़ाही या नॉन-स्टिक पैन को गर्म करें और थोड़ा सा तेल डालें. तेल गर्म होने पर राई और कढ़ी पत्ता डालकर तड़का लगाएं. गैस की आंच धीमी कर दें. इसके बाद एक बड़ा चम्मच बैटर पैन के बीच में डालकर हल्का सा फैला दें.

ऊपर से सफेद तिल डालें और ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर करीब 3 से 4 मिनट पकने दें. जब नीचे की सतह अच्छी तरह सिक जाए और किनारे हल्के सुनहरे दिखने लगें, तब इसे सावधानी से पलटें. दूसरी तरफ से भी थोड़ा तेल लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें. दोनों तरफ से अच्छी तरह सिक जाने के बाद पैनकेक को प्लेट में निकाल लें. इसी तरह बाकी बैटर से भी पैनकेक तैयार करें. इसे हरी चटनी, दही या टमाटर सॉस के साथ गर्मागर्म परोसा जा सकता है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *