आईची-नागोया: एशियन गेम्स में आज 11वें दिन भारत की जबरदस्त शुरुआत हुई. मंगलवार की सुबह शूटिंग में गोल्ड मिला. नीरू ढांडा ने ट्रैप शूटिंग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. वह मौजूदा एशियाई खेलों की व्यक्तिग स्पर्धा में भारत को गोल्ड दिलाने वालीं पहली एथलीट बनीं हैं. इससे पहले महिला शूटिंग टीम ने ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था. साथ ही साथ महिला बॉक्सिंग में 65 किलोग्राम वेट कैटेगरी में परवीन हुड्डा फाइनल में पहुंच गईं. इसी के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 47 पर पहुंच चुकी है. आज बॉक्सिंग और एथलेकिटक्स के कई सेमीफाइनल और फाइनल इवेंट खेले जाएंगे. उम्मीद है कि आज भारतीय दल अपना पांचवां गोल्ड जीत पाए. चलिए आपको आज हुए या होने वाले सभी गेम्स की लाइव अपडेट बताते हैं.
नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, शूटिंग में गोल्ड मेडल जीता
शूटिंग के ट्रैप इवेंट में नीरू ढांडा ने गोल्ड मेडल जीतते हुए भारत को एशियन गेम्स का पांचवां स्वर्ण पदक दिला दिया. 26 साल की नीरू हरियाणा के जींद जिले की रहने वालीं हैं और सेना में नायब सूबेदार हैं. देश की टॉप शॉटगन शूटिंग स्टार्स में शुमार नीरू इससे पहले ISSF वर्ल्ड कप के वुमेंस ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनकर इतिहास रच चुकीं हैं.
Asian Games LIVE: फाइनल में पहुंचे बॉक्सर अंकुश पंघल
पुरुषों के 80 किलोग्राम भारवर्ग मुक्केबाजी सेमीफाइनल में अंकुश पंघाल ने उजबेकिस्तान के बॉक्सर को हराते हुए फाइनल में जगह बना ली. पहले राउंड में हारने के बाद अंकुश ने दमदार वापसी की और सिल्वर मेडल पक्का कर लिया. अब फाइनल जीतकर अंकुश गोल्ड मेडल की दावेदारी पेश करेंगे.
बॉक्सर परवीन हुड्डा फाइनल में पहुंचीं, गोल्ड के लिए होगा मैच
65 किलोग्राम वेट कैटेगरी में हरियाणा के रोहतक की रहने वालीं 26 साल की परवीन हुड्डा फाइनल में पहुंच चुकीं हैं. उन्होंने सेमीफाइनल में दमदार पंच लगाते हुए चीनी बॉक्सर को हराया और भारत के लिए कम से कम सिल्वर मेडल तो पक्का कर ही लिया. वह मौजूदा एशियन गेम्स में सिल्वर पक्का करने वालीं पहली बॉक्सर बनीं हैं.
भारत को मिला दिन का पहला मेडल (शूटिंग सिल्वर)
मंगलवार को महिला शूटिंग टीम ने ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतकर शूटिंग में देश के मेडल जीतने का सिलसिला जारी रखा. नीरू ढांडा (118), आशीमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) की तिकड़ी ने कुल मिलाकर 328 का स्कोर किया और गोल्ड मेडल जीतने वाले चीन (346) के बाद दूसरे स्थान पर रहीं. चीनी टीम में लियू शानशान, सन युनोंग और झू जिंग्यु शामिल थीं. कुवैत की तिकड़ी- अलहवाल शहाद, अब्दुलमलिक हजर और अलहवाल सारा – ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. नीरू ने कतर की रे बासिल के साथ 118 के स्कोर पर संयुक्त रूप से टॉप करते हुए आठ-शूटर वाले फाइनल के लिए भी क्वालीफाई किया. यह स्कोर खेलों का क्वालीफिकेशन रिकॉर्ड है. अहलावत और कीर व्यक्तिगत इवेंट में क्रमशः 16वें और 23वें स्थान पर रहीं.
ईरान को हराकर क्वार्टर फाइनल में महिला स्क्वॉश टीम
भारतीय महिला स्क्वॉश टीम ने ग्रुप राउंड के अपने आखिरी मैच में ईरान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना बुधवार को सिंगापुर से होगा. पहले एकल मैच में प्रतिद्वंद्वी के बीच में ही हटने के कारण तन्वी खन्ना को विजेता घोषित किया गया. इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीत चुकीं अनाहत सिंह ने फेरेश्तेह इघतेदारी को 3-0 से हराकर भारत को 2-0 की अजेय बढ़त दिला दी. अनुभवी जोशना चिनप्पा ने तीसरे एकल मुकाबले में नजमेह बौशेहरिजादेह को 3-0 (1-1, 11-3, 11-9) से मात देकर भारत की 3-0 की जीत पूरी की.
धीरज और नीरज रिकर्व तीरंदारजी के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
धीरज बोम्मदेवरा और नीरज चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. क्वार्टर फाइनल में धीरज का सामना उज्बेकिस्तान के अमिरखोन सादिकोव से होगा, जबकि नीरज चौहान भूटान के लाम दोरजी के खिलाफ उतरेंगे. प्री-क्वार्टर फाइनल में नीरज ने दक्षिण कोरिया के 22 वर्षीय किम जे डिओक को 6-4 से हराकर बड़ा उलटफेर किया. किम तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता हैं. नीरज ने मुकाबला 30-28, 29-29, 29-30, 29-29, 29-27 के स्कोर से अपने नाम किया. धीरज ने चीनी ताइपे के चेंग ह्सियांग-हुई को 6-2 से मात दी.
विपिन की हार के साथ कुराश में भारत का अभियान खत्म
विपिन कुमार की हार के साथ कुराश स्पर्धा में भारत का अभियान मंगलवार को पुरुषों के 66 किलोग्राम वर्ग में समाप्त हो गया. अंतिम-16 के मुकाबले में 24 वर्षीय विपिन को दक्षिण कोरिया के ह्योनसू यून के हाथों 0-3 से शिकस्त झेलनी पड़ी. इस तरह भारत ने कुराश में एक पदक के साथ अपने अभियान का समापन किया. सोमवार को पिंकी बलहारा ने महिलाओं के 78 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था.
सर्फिंग में किशोर कुमार अनबरासु का शानदार अभियान समाप्त
एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किए सर्फिंग में पुरुषों की शॉर्टबोर्ड स्पर्धा में भारत के किशोर कुमार अनबरासु का शानदार सफर आज खत्म हो गया. वह क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के टोबी एस्पेजोन के हाथों हारकर बाहर हो गए. किशोर ने एस्पेजोन को कड़ी टक्कर दी, लेकिन वह 5.37-8.53 के स्कोर से मुकाबला हार गए. इस हार के साथ ही उनका पदक दौर में पहुंचने का सपना भी टूट गया.
