Last Updated:
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है. गंदगी से भरी बड़ी गाड़ियां जब सड़क पर दौड़ती दिखाई देती हैं तो हर किसी का मन खराब हो जाता है. मगर, अब न तो सड़क पर उड़ उड़ कर कचरा फैलेगा और न ही लोगों को दिखाई देगा. इसकी वजह है नगर निगम का अहम कदम.
गाजियाबाद में कूड़ा ले जाने वाली गाड़ी में होगा बदलाव. (एआई इमेज)
गाजियाबाद : गाड़ी वाला आया, घर से कचरा निकाल… ये गाना अधिकतर लोगों को सुबह-सुबह सुनने को मिल जाता है. जब नगर निगम के कर्मचारी घर-घर से कूड़ा इकट्ठा करते हैं तो गाड़ी में यह गाना ही चलता है. हालांकि, सड़क से गुजरती कूड़े से भरी गाड़ियों को देखकर अगर आपको अक्सर कूड़ा गिरने, बदबू और गंदगी की शिकायत होती है, तो नगर निगम अब इस समस्या पर लगाम लगाने की तैयारी कर रहा है. शहर में कूड़ा लेकर खुले में चलने वाली बड़ी गाड़ियों को जल्द ही ऑटोमैटिक कवर सिस्टम से लैस किया जाएगा. यानी गाड़ी में कूड़ा भरने के बाद चालक को सिर्फ एक बटन दबाना होगा और कूड़ा अपने आप ढक जाएगा.
1 अप्रैल 2027 से लागू होगी नई व्यवस्था
नगर निगम 1 अप्रैल 2027 से इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी कर रहा है. अभी बड़ी गाड़ियों में कूड़े को ग्रीन नेट से ढका जाता है. यह काम कर्मचारियों को मैनुअली करना पड़ता है. कई बार हवा चलने पर नेट हट जाता है या गाड़ियां बिना कूड़ा ढके ही सड़क पर निकल जाती हैं. इससे रास्ते में कूड़ा गिरने और दुर्गंध फैलने की शिकायतें सामने आती हैं. नई व्यवस्था में इस परेशानी को तकनीक के जरिए दूर करने की तैयारी है. कूड़ा लोड होने के बाद बटन दबाते ही गाड़ी का कवर अपने आप सक्रिय हो जाएगा.
निगम के बेड़े में 1000 गाड़ियां
गाजियाबाद नगर निगम के पास कूड़ा उठाने के लिए करीब 1000 गाड़ियां हैं. इनमें 275 बड़ी और 725 छोटी गाड़ियां शामिल हैं. ऑटोमैटिक कवर सिस्टम फिलहाल सिर्फ बड़ी गाड़ियों में लगाया जाएगा. छोटी गाड़ियां घर-घर से कूड़ा उठाकर ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाती हैं, जबकि बड़ी गाड़ियों के जरिए कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन से निस्तारण केंद्र तक भेजा जाता है. छोटी गाड़ियों में कूड़ा पहले से ही ढककर ले जाने की व्यवस्था है, इसलिए उनमें इस सिस्टम की जरूरत नहीं होगी.
रोज निकलता है करीब 2000 मीट्रिक टन कूड़ा
गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र में हर दिन करीब 2000 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है. इतनी बड़ी मात्रा में कूड़े के परिवहन के दौरान सड़क पर कचरा गिरने और दुर्गंध फैलने की समस्या को देखते हुए नगर निगम बड़ी गाड़ियों को ऑटोमैटिक कवर से लैस करने की तैयारी कर रहा है. यानी अब गाजियाबाद की सड़कों पर कूड़े से भरी गाड़ियां खुली नहीं दौड़ेंगी… बटन दबेगा और कचरा ढक जाएगा.
About the Author
Kavya Mishra is a Senior Sub Editor at News18 Hindi with over seven years of experience in digital and print journalism. She is part of the regional editorial team, covering Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana …
और पढ़ें
