Last Updated:
Parvesh Verma News: सड़क मरम्मत के निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ जड़ने के मामले में प्रवेश वर्मा की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. दिल्ली हाईकोर्ट ने इस पूरे मामले में दिल्ली पुलिस और मंत्री वर्मा को नोटिस जारी कर स्टेटस रिपोर्ट तलब की है. अदालत के इस सख्त रुख का आम आदमी पार्टी ने स्वागत किया है.
प्रवेश वर्मा ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया था, जिससे विवाद खड़ा हो गया. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) ने सड़क मरम्मत कार्य के निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने के मामले में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा को नोटिस जारी करने के दिल्ली हाईकोर्ट के कदम का बृहस्पतिवार को स्वागत किया. पार्टी ने मामले की स्वतंत्र जांच की मांग भी की. ‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने अब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “प्रवेश वर्मा से जुड़े थप्पड़ कांड की स्वतंत्र जांच जरूरी है. दिल्ली पुलिस इतनी पक्षपाती है कि उसने वर्मा के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं की है.”
इससे पहले, हाईकोर्ट ने उस याचिका पर दिल्ली पुलिस और पीडब्ल्यूडी मंत्री वर्मा से जवाब मांगा, जिसमें ‘आप’ कार्यकर्ता को थप्पड़ मारे जाने की घटना की स्वतंत्र जांच का अनुरोध किया गया है. जस्टिस सचिन दत्ता ने याचिका पर पुलिस और वर्मा को नोटिस जारी किया और उनसे स्थिति रिपोर्ट पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा. प्रतिवादियों ने याचिका की विचारणीयता पर भी आपत्ति जताई. याचिका में याचिकाकर्ता साहिब सिंह और उनके परिवार के सदस्यों के लिए पुलिस सुरक्षा का भी अनुरोध किया गया है.
पिछले महीने सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए थे, जिनमें वर्मा उस युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे थे, जो पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके में खराब काम के आरोपों के बाद सड़क का निरीक्षण कर रहे पीडब्ल्यूडी मंत्री का वीडियो बना रहा था. ‘आप’ विधायक जरनैल सिंह ने काम की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और सड़क की सतह के कुछ हिस्सों को हाथ से उखाड़ दिया. तभी मंत्री ने उस व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया, जो इस घटना का वीडियो बना रहा था. हालांकि, वर्मा ने आरोप लगाया है कि उस व्यक्ति ने उनके परिवार के सदस्यों के लिए अपशब्द कहे थे. वर्मा ने जरनैल सिंह पर भी सड़क मरम्मत कार्य में कमीशन मांगने का आरोप लगाया है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें
