Last Updated:
सूरज बड़जात्या साल 1994 में फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ लेकर आए थे. फिल्म में माधुरी और रेणुका शहाणे ने सगी बहनों का रोल निभाया था. फिल्म की शूटिंग के दौरान रेणुका शहाणे के साथ एक ऐसा वाकया हुआ था, जिसे वह आज भी याद करती हैं. उस वक्त रेणुका फिल्म इंडस्ट्री में नई थीं और कई बड़े स्टार्स और फिल्ममेकर्स को नहीं जानती थीं. एक बार माधुरी ने उन्हें कुछ ऐसा कह दिया था कि वह रो पड़ी थी. अब सालों बाद रेणुका ने खुलासा किया है.
नई दिल्ली. रेणुका शहाणे और माधुरी दीक्षित ने फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ में सगी बहनों का रोल निभाया था. अब रेणुका और माधुरी दीक्षित क्विज शो ‘कौन होणार करोडपती’ में पहुंची थीं. यहां उन्होंने फिल्म के सेट से जुड़ा यह मजेदार किस्सा सुनाया. रेणुका ने बताया कि एक दिन डेविड धवन फिल्म के सेट पर आए थे. उस समय माधुरी ने उन्हें आवाज लगाई और अपने पास बुलाकर डेविड धवन से मिलने के लिए कहा.लेकिन उस वक्त वह मशहूर डायरेक्टर डेविड धवन को भी पहचान नहीं पाई थीं. ये सुनकर माधुरी हैरान हो गई थीं.(फोटो साभार. AI)
रेणुका ने बताया कि जब माधुरी ने उनसे कहा कि वह एक बड़े डायरेक्टर से मिलवाना चाहती हैं, तो वह समझ ही नहीं पाईं कि डेविड धवन कौन हैं. वहां तीन-चार लोग एक साथ बैठे हुए थे और रेणुका उन्हीं के बीच डेविड को पहचानने की कोशिश करती रहीं. उन्हें अंदाजा ही नहीं था कि सामने बैठे लोगों में मशहूर फिल्ममेकर डेविड धवन भी हैं.
रेणुका के मुताबिक, माधुरी ने उनसे कहा कि ये बहुत बड़े डायरेक्टर हैं और उन्हें पहचानना चाहिए. माधुरी ने यह भी पूछा कि फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के बावजूद वह डेविड धवन को कैसे नहीं जानतीं. माधुरी की यह बात सुनकर रेणुका इतनी घबरा गईं कि उनकी आंखों में आंसू आ गए और वह रोने लगीं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
रेणुका ने बताया कि उन्हें रोता देखकर डेविड धवन हंसने लगे और उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है. उन्होंने विनम्रता से कहा कि वह इतने भी बड़े डायरेक्टर नहीं हैं. हालांकि, उस समय तक डेविड धवन फिल्म इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बना चुके थे. इसके बाद माधुरी ने रेणुका को अपने पास बुलाया और बताया कि वह उन्हें डेविड धवन से मिलवाना चाहती थीं.
साल 1994 में रिलीज हुई फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ में माधुरी दीक्षित और रेणुका शहाणे ने बहनों का किरदार निभाया था. फिल्म में माधुरी निशा और रेणुका पूजा के रोल में नजर आई थीं. सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान, अनुपम खेर, रीमा लागू, मोहनीश बहल और आलोक नाथ जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे.
फिल्म में रेणुका ने पूजा नाम की एक ऐसी लड़की का रोल निभाया था, जो अपनी सादगी से ससुराल जाकर उनका भी दिल जीत लेती है. फिल्म में उन्होंने अपने रोल से लोगों का दिल जीत लिया था. इस फिल्म के बाद लोगों ने उन्हें इतना प्यार दिया कि वह खुद भी यकीन नहीं कर पाई थीं.
रेणुका के करियर की ये पहली और कह सकते हैं कि आखिरी फिल्म भी रही, जिससे उन्हें इतनी बड़ी सफलता मिली. उनके करियर की ये सबसे बड़ी ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म है. फिल्म में उन्होंने एक आदर्श बेटी और संस्कारी बहू बनकर लोगों का ऐसा दिल जीता था कि आज भी लोग उनके रोल को भूल नहीं पाए हैं.
बता दें कि फिल्म में सलमान खान और माधुरी की जोड़ी भी काफी पसंद की गई थी. फिल्म के गाने भी काफी हिट हुए थे. माधुरी के करियर के लिए भी ये फिल्म मील का पत्थर साबित हुई थी. इस फिल्म ने उनके करियर की दिशा ही बदल दी थी.
