नोएडा: एलिवेटेड रोड पर धंसी सड़क, सेक्टर-62 से 18 लेन 1 हफ्ते बंद, घर से निकलने से पहले जान लें नया रूट

Last Updated:

Noida Elevated Road Traffic Diversion: नोएडा एलिवेटेड रोड पर इस्कॉन मंदिर के सामने सड़क धंसने और गहरा गड्ढा होने के कारण सेक्टर-62 से सेक्टर-18 जाने वाली लेन को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है. जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं.

नोएडा: एलिवेटेड रोड धंसने से 62-18 लेन 1 हफ्ते बंद, निकलने से पहले रूट जान लें

Noida Elevated Road closed: नोएडा शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली एलिवेटेड रोड पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद अहम खबर है. एलिवेटेड रोड से सफर करने वाले लोकों को अगले एक सप्ताल तक ट्रैफिक की परेशानी झेलनी पड़ सकती है. दरअसल, सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर के ठीक सामने एलिवेटेड रोड पर सड़क की ऊपरी कंक्रीट परत उखड़कर धंस गई है, जिससे वहां एक बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया है. सड़क पर बार-बार गड्ढा होने के कारण नीचे बिछी स्टील प्लेट और लोहे का सरिया तक साफ दिखाई देने लगा है.

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-62 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन को बंद कर दिया गया है. ऐसे में ऑफिस जाने वाले लोगों और रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलना पड़ सकता है.

मरम्मत के 5 दिन बाद फिर खुली पोल
मिली जानकारी के मुताबिक, एलिवेटेड रोड के इस हिस्से पर लगभग पांच दिन पहले भी गड्ढा हुआ था. उस दौरान संबंधित विभाग ने केवल बैरिकेडिंग लगाकर खानापूर्ति वाली मरम्मत की और आवाजाही सामान्य कर दी थी. हालांकि, बुधवार को वही गड्ढा काफी बड़े दायरे में दोबारा उभर आया. सड़क की लगभग एक मीटर तक की कंक्रीट परत पूरी तरह उखड़ गई और निचला ढांचा दिखने लगा. खतरे को भांपते हुए ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत बैरिकेड लगाकर मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो.

IIT रुड़की और ब्रिज कॉरपोरेशन करेंगे तकनीकी जांच
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक कपिल सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में एलिवेटेड रोड के पैनल से कंक्रीट हटने की बात सामने आई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए आईआईटी रुड़की और उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम (ब्रिज कॉरपोरेशन) से तकनीकी मुआयना कराया जा रहा है. आईआईटी रुड़की की टीम के कुछ सदस्य मौके पर पहुंच चुके हैं और वरिष्ठ अधिकारी गुरुवार को विस्तृत तकनीकी निरीक्षण करेंगे. विशेषज्ञों की टीम ढांचागत नुकसान का आकलन कर अपनी रिपोर्ट और सुझाव सौंपेगी, जिसके आधार पर ही स्थायी मरम्मत की जाएगी. तब तक एहतियातन मार्ग बंद रहेगा.

सेक्टर-18 जाने के लिए अपनाएं यह रूट
सड़क अचानक बंद होने से सेक्टर-61, सेक्टर-71 और कैलाश अस्पताल मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. ट्रैफिक पुलिस ने जाम से राहत देने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया है:

  1. जो चालक सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाना चाहते हैं, वे सेक्टर-31/25 चौराहे से बने रैंप के जरिए एलिवेटेड रोड पर चढ़कर आगे जा सकते हैं.
  2. एलिवेटेड रोड के नीचे समानांतर चलने वाला ग्राउंड रोड सिग्नल फ्री है, चालक उसका इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
  3. सेक्टर-18 से सेक्टर-61 की ओर जाने वाला एलिवेटेड कैरिजवे पूरी तरह खुला हुआ है.

इन रास्तों से गुजरने वाले रहें सावधान
दिल्ली-नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाले लोगों के लिए यह एलिवेटेड रोड काफी अहम है. ऐसे में वाहन चालकों को सलाह है कि वे घर से निकलने से पहले अपने सफर की योजना बना ले और संभावित ट्रैफिक को ध्यान में रखें.

480 करोड़ रुपये की लागत से बना है एलिवेटेड रोड
नोएडा का यह एलिवेटेड रोड लगभग 4.8 किलोमीटर लंबा है और सेक्टर-18 को सेक्टर-62 से जोड़ता है. करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया यह मार्ग शहर के प्रमुख यातायात कॉरिडोर में शामिल है. साल 2017 में शुरू हुई इस एलिवेटेड रोड की गुणवत्ता पर अब स्थानीय लोग सवाल उठाने लगे हैं. पिछले महीने भी सेक्टर-28 के सामने उतरते वक्त सड़क धंसी थी. इसके अलावा शहर के सेक्टर-51/52 अंडरपास, सेक्टर-63, 65 और सदरपुर क्षेत्र की सड़कों में भी गड्ढों की भरमार है.

About the Author

Rahul Goel

Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *