Driving Licence Apply Process: अगर आपका लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बन गया है और अब आप पक्का लाइसेंस बनवाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके काम की है. शाहजहांपुर के उप संभागीय परिवहन अधिकारी सर्वेश कुमार के मुताबिक, लर्निंग लाइसेंस बनने के एक महीने बाद पक्के लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा. एक वाहन के लाइसेंस के लिए 700 रुपये और बाइक व कार दोनों के लाइसेंस के लिए 1000 रुपये फीस देनी होगी. फीस जमा करने के बाद आरटीओ जाने के लिए अपनी सुविधा के हिसाब से तारीख और समय बुक कर सकते हैं. तय तारीख पर आरटीओ कार्यालय पहुंचकर फोटो और फिंगरप्रिंट की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसके बाद ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर के ट्रैक पर गाड़ी चलाकर ड्राइविंग टेस्ट देना होगा. टेस्ट पास करने के बाद पक्का लाइसेंस मंजूर हो जाएगा. इसे स्पीड पोस्ट से मंगवा सकते हैं या ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं. इस तरह बिना किसी दलाल के लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
