दीपावली पर मिठाइयों की जगह अब काजू-बादाम क्यों दे रहे लोग? महंगाई की मार या कुछ और… एक्सपर्ट से जानिए

नोएडा: दीपावली के त्योहार पर अब मिठाइयों के साथ-साथ ड्राई फ्रूट के गिफ्ट हैंपर लोगों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं. बदलती जीवनशैली और सेहत को लेकर त्योहारों पर गिफ्ट देने के तरीके में भी बदलाव आया है. पहले लोग दीपावली पर मिठाइयों के डिब्बे बांटकर खुशियां साझा करते थे, लेकिन अब बादाम, काजू, पिस्ता, अखरोट और दूसरे सूखे मेवों के आकर्षक हैंपर का चलन तेजी से बढ़ रहा है.

नट्स एंड ड्राई फ्रूट काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट गुंजन वी जैन के लोकल 18 को बताया कि इसका मतलब यह नहीं है कि लोगों का मिठाइयों से भरोसा उठ गया है, बल्कि कोविड के बाद सेहत को लेकर जागरूक हुए हैं. लोग अब ड्राई फ्रूट को नेचर की हेल्थ पिल के रूप में देखने लगे हैं.

बीते सालों में कई हजार टन की खपत बढ़ी
नटराज कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्ट, सीईओ और NDFC इंडिया के अध्यक्ष गुंजन वी जैन ने बताया कि वह देश की बड़ी नट्स और ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग कंपनियों में शामिल है और इस साल कंपनी ने अपने कारोबार के 100 साल पूरे किए हैं. यह पांच पीढ़ियों से चला आ रहा पारिवारिक व्यवसाय है. गुंजन वी जैन ने ड्राई फ्रूट की खपत के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि भारत में पिछले कुछ वर्षों में सूखे मेवों की मांग में बड़ा बदलाव आया है. करीब आठ साल पहले देश में अखरोट की खपत लगभग 18 हजार टन थी, जो अब बढ़कर करीब 90 हजार टन पहुंच गई है. इसी तरह पांच साल पहले भारत में पिस्ता की खपत करीब 9 हजार टन थी, जो अब लगभग 45 हजार टन हो गई है.

भारत दुनिया का सबसे बड़ा बाजार
वहीं बादाम के मामले में भारत दुनिया का सबसे बड़ा बाजार बन चुका है. उनके मुताबिक, देश में हर साल लगभग साढ़े तीन से चार लाख टन काजू और करीब तीन से साढ़े तीन लाख टन बादाम की खपत होती है. पहले दीपावली के दौरान ड्राई फ्रूट की बिक्री का बड़ा हिस्सा कुछ ही दिनों में होता था, लेकिन अब पूरे साल इसकी मांग बनी रहती है. त्योहार के दौरान गिफ्टिंग और दूसरी खरीदारी के कारण बिक्री में उछाल जरूर आता है.

उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान करीब दो से ढाई महीने की सामान्य खपत के बराबर अतिरिक्त मांग देखने को मिलती है. इसी ट्रेंड को देखते हुए नटराज ने ‘गिफ्ट हेल्थ डिश दिवाली’ अभियान भी चलाया है, जिसके तहत कर्मचारियों, वर्कर्स, दोस्तों और रिश्तेदारों को सेहत का उपहार देने के लिए ड्राई फ्रूट हैंपर देने के लिए प्रेरित करते हैं.

ग्राहक को इन चीजों रखना चाहिए ध्यान
ड्राई फ्रूट की बढ़ती मांग के साथ इसकी पैकेजिंग और बिक्री के तरीके में भी बड़ा बदलाव आया है. गुंजन जैन के मुताबिक, पहले सूखे मेवे खुले में बिकते थे और दुकानदार उन्हें सामान्य डिब्बों में भरकर ग्राहकों को दे देते थे, लेकिन अब पूरी इंडस्ट्री बड़े बाजार की ओर बढ़ रही है. कंपनियां ड्राई फ्रूट को वैक्यूम पैकिंग और नाइट्रोजन फ्लशिंग टेक्नोलॉजी के साथ आकर्षक कार्टन और हैंपर बना रही हैं. इससे उत्पाद की शेल्फ लाइफ बढ़ाने और पैकेजिंग के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलती है.

उन्होंने कहा कि ड्राई फ्रूट प्राकृतिक उत्पाद हैं और बादाम, काजू जैसे मेवों की पहचान भी आसानी से की जा सकती है. हालांकि, ग्राहकों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि गिफ्ट के लिए जहां तक संभव हो, ब्रांडेड और पैकेज्ड ड्राई फ्रूट ही खरीदने चाहिए. इससे बेहतर ग्रेडिंग, सॉर्टिंग और हाइजीन का ध्यान रख सकते हैं.

दूसरे देशों पर निर्भय, घरेलू उत्पादन पर्याप्त नहीं
उनके मुताबिक, ड्राई फ्रूट का हैंपर देना केवल एक उपहार देना नहीं, बल्कि एक-दूसरे को सेहत का तोहफा देने जैसा है. भारत में ड्राई फ्रूट की खपत बढ़ी है, लेकिन घरेलू उत्पादन अभी इस मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है. गुंजन जैन ने बताया कि देश की ड्राई फ्रूट इंडस्ट्री काफी हद तक आयात पर निर्भर है. भारत में अखरोट का उत्पादन लगभग 30 हजार टन है, जबकि किशमिश का उत्पादन करीब दो लाख से दो लाख 30 हजार टन तक होता है. काजू का उत्पादन भी होता है, लेकिन इसकी घरेलू खपत उत्पादन से कई गुना अधिक है. बादाम और दूसरे प्रमुख सूखे मेवों के लिए भी भारत को अंतरराष्ट्रीय बाजार पर निर्भर रहना पड़ता है.

इन देशों से आयात होता है ड्राय फ्रूट
उन्होंने बताया कि अलग-अलग ड्राई फ्रूट अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, ईरान, तुर्की और लैटिन अमेरिकी देशों से भारत आते हैं. वहीं भारत से किशमिश और काजू का निर्यात होता है, जबकि कुछ मात्रा में अखरोट भी विदेश भेजा जाता है. मखाने का निर्यात भी तेजी से बढ़ रहा है. इस निर्भरता को कम करने के लिए नट्स एंड ड्राई फ्रूट काउंसिल ऑफ इंडिया ने ‘ग्रो इन इंडिया’ अभियान शुरू किया है. सरकार भी घरेलू उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है और बजट में इसके लिए आवंटन किया गया है. उद्योग का लक्ष्य खेती और उत्पादन को बढ़ाकर आयात पर निर्भरता कम करना और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में योगदान देना है.

देश में 65 हजार करोड़ का है कारोबार
गुंजन वी जैन के मुताबिक, देश में नट्स और ड्राई फ्रूट का पूरा कारोबार अब बड़े आर्थिक क्षेत्र के रूप में विकसित हो चुका है. रिटेल स्तर पर इस इंडस्ट्री का कारोबार लगभग 60 से 65 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. नट्स एंड ड्राई फ्रूट काउंसिल ऑफ इंडिया के माध्यम से आयातकों, फैक्ट्री संचालकों, प्रोसेसर, पैकर्स और रिटेल कारोबारियों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

इसका उद्देश्य देश में ड्राई फ्रूट की खपत बढ़ाने के साथ लोगों को इनके पोषण संबंधी फायदों के प्रति जागरूक करना है. भारत की लगभग 40 प्रतिशत आबादी शाकाहारी है. ऐसे में प्रोटीन और दूसरे पोषक तत्वों के लिए नट्स और ड्राई फ्रूट डाइट का उपयोगी हिस्सा हो सकते हैं. अखरोट ओमेगा-3 का अच्छा स्रोत है, जबकि पिस्ता में कंप्लीट प्लांट प्रोटीन पाया जाता है. उन्होंने पिस्ता को शाकाहारी लोगों के लिए प्रोटीन का अच्छा विकल्प बताया.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *