रोशनी, उमंग और पटाखों के त्योहार दिवाली पर थोड़ी सी लापरवाही आपकी गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा सकती है. आतिशबाजी के दौरान उड़ने वाले रॉकेट, अनार की चिंगारियां या जमीन पर छूटने वाले पटाखे अगर वाहनों के संपर्क में आ जाएं, तो न केवल गाड़ी के पेंट और फाइबर पार्ट्स को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि आग लगने का गंभीर खतरा भी पैदा कर देते हैं.
हर साल ऐसे कई मामले सामने आते हैं जहां दिवाली की रात पार्किंग में खड़े वाहनों में आग लग जाती है. अपनी गाड़ी को सुरक्षित रखकर आप त्योहार की खुशियों को फीका पड़ने से बचा सकते हैं. आइए जानते हैं वे जरूरी और आसान उपाय, जिनसे आप इस दिवाली अपने वाहन को आग और पटाखों से पूरी तरह सुरक्षित रख सकते हैं.
सही पार्किंग चुनें
दिवाली की रात वाहन को सुरक्षित रखने का सबसे पहला और कारगर नियम है सही पार्किंग. यदि आपके पास कवर्ड गैरेज या बेसमेंट पार्किंग की सुविधा है, तो वाहन को वहीं पार्क करें. खुले मैदान, सड़क किनारे या बालकनी के ठीक नीचे गाड़ी खड़ी करने से बचें, क्योंकि लोग अक्सर छतों और बालकनियों से पटाखे छोड़ते हैं. अगर आपके पास ढका हुआ गैरेज नहीं है, तो वाहन को किसी ऐसी सुरक्षित जगह ले जाकर खड़ा करें जहां आतिशबाजी होने की संभावना सबसे कम हो.
बॉडी कवर का ध्यान रखें
अक्सर लोग धूल और धुएं से बचाने के लिए गाड़ी पर सामान्य नायलॉन या प्लास्टिक का कवर लगा देते हैं. ये बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. नायलॉन और पतला प्लास्टिक बहुत तेजी से आग पकड़ते हैं. एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे कवर को दहका सकती है. अगर गाड़ी को बाहर ढकना जरूरी ही हो, तो केवल सर्टिफाइड फायर-रिटार्डेंट (आग प्रतिरोधी) कवर का ही उपयोग करें. अगर ऐसा कवर उपलब्ध न हो, तो गाड़ी को नायलॉन कवर से ढकने के बजाय खुला छोड़ देना कहीं अधिक सुरक्षित है.
खिड़कियां और वेंट पूरी तरह बंद रखें
कार मालिकों को ये सुनिश्चित करना चाहिए कि गाड़ी के सभी शीशे (विंडोज) पूरी तरह से ऊपर चढ़े हों और सनरूफ ठीक से लॉक हो. कई बार रॉकेट या उड़ते हुए पटाखों की चिंगारी आधी खुली खिड़की से अंदर घुस जाती है और सीट के फोम या अपहोल्स्ट्री में आग लगा देती है. बाइक और स्कूटर के मामले में पेट्रोल की टंकी का ढक्कन अच्छी तरह से बंद रखें और स्कूटर की अंडर-सीट डिक्की को ठीक से लॉक करके रखें.
ज्वलनशील चीजों और कचरे से दूर रखें
पार्किंग करते समय अपने आसपास की जगह की अच्छी तरह जांच कर लें. वाहन को सूखे पत्तों, कूड़े के ढेर, लकड़ी के सामान या पटाखों की दुकानों के पास बिल्कुल भी पार्क न करें. पटाखे की एक छोटी चिंगारी भी सूखे पत्तों या कचरे में आग भड़का सकती है, जो देखते ही देखते पास खड़े आपके वाहन को अपनी चपेट में ले लेगी. गाड़ी के आसपास की जगह को साफ-सुथरा रखें.
कार के अंदर कोई भी ज्वलनशील सामग्री न छोड़ें
दिवाली के दौरान कार के केबिन के अंदर परफ्यूम, डिओडोरेंट, सैनिटाइज़र की बोतलें, गैस लाइटर या माचिस जैसी चीजें भूलकर भी न छोड़ें. त्योहार के समय आसपास का तापमान और पटाखों से निकलने वाली गर्मी इन अत्यधिक ज्वलनशील वस्तुओं के फटने या आग पकड़ने की संभावना को बढ़ा देती है. इसके अलावा, गाड़ी की डिग्गी में पटाखे के पैकेट रखकर कहीं भी आने-जाने से सख्त परहेज करें.
फायर एक्सटिंग्विशर साथ रखें
सुरक्षा की दृष्टि से कार में एक छोटा पोर्टेबल फायर एक्सटिंग्विशर (ABC टाइप) जरूर रखें. ये आपात स्थिति में आग को फैलने से रोकने में तुरंत मदद करता है. इसके साथ ही, घर के बाहर पार्किंग एरिया के पास एक बाल्टी पानी या सूखी रेत भरकर तैयार रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना के समय तुरंत बचाव किया जा सके.
