Last Updated:
Delhi Diwali Celebration: दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में ‘दिल्ली की दिवाली- सबसे निराली, मिलकर मनाने वाली’ कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया. दिल्ली पर्यटन विभाग और दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. कार्यक्रम में भजन क्लबिंग, शानदार ड्रोन शो और मां लक्ष्मी-भगवान गणेश की भव्य महाआरती आकर्षण का केंद्र रहे.
देशभर में दीपावली के त्योहार की खूब धूमधाम दिख रही है. घरों से लेकर बाजारों तक रोशनी की जगमगाहट देखने को मिल रही है. इसी उत्साह के बीच राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में ‘दिल्ली की दिवाली- सबसे निराली, मिलकर मनाने वाली’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. दिल्ली पर्यटन विभाग और दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. उनके साथ पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और दिल्ली पर्यटन के प्रबंध निदेशक सुनील अंचिपाका समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
कार्यक्रम में भक्ति और आधुनिक मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला. यहां ‘भजन क्लबिंग’ के जरिए पारंपरिक भजनों को समकालीन संगीत शैली में पेश किया गया. इसके अलावा आसमान में ड्रोन के शानदार प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान खींचा. कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मां लक्ष्मी और भगवान गणेश को समर्पित भव्य महाआरती रही. बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इस आयोजन का आनंद लिया.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपावली के अवसर पर दिल्लीवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीपों और रोशनी का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आशा, विश्वास, आत्मीयता और नए संकल्पों का पर्व है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां लक्ष्मी की आराधना से जुड़ा यह त्योहार समृद्धि के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देता है. उनकी कामना है कि दीपावली का प्रकाश दिल्ली के हर घर-परिवार में सुख, स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए और विकास की यात्रा में कोई भी परिवार पीछे न छूटे.
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली उनका परिवार है और इस परिवार के प्रत्येक सदस्य का बेहतर जीवन, सुरक्षित भविष्य और सम्मान उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से प्रेरणा लेकर दिल्ली सरकार विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में लगातार काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. दिल्ली को आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण, बेहतर बुनियादी ढांचे और आर्थिक अवसरों से युक्त देश की अग्रणी राजधानी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. इस तरह सेंट्रल पार्क में आयोजित ‘दिल्ली की दिवाली’ कार्यक्रम ने भक्ति, सांस्कृतिक उत्सव और आधुनिक तकनीक के मेल से दीपावली के जश्न को खास बना दिया.
