Last Updated:
Ghaziabad Police Chowki Blast : वसुंधरा पुलिस चौकी के भीतर विस्फोट का मामला कल सुबह सामने आया था. अचानक से हुए इस धमाके से हड़कंप मच गया. धमाका इतना तेज था कि पुलिस चौकी के दो शीशे टूट गए, जबकि एक दीवार में भी हल्की दरार आ गई. अब केस में नया अपडेट सामने आया है.
गाजियाबाद में धमाके के बाद का दृश्य.
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में उस समय हड़कंप मच गया था, जब इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में तेज धमाके की खबर सामने आई. अब इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. बता दें, धमाका इतना तेज था कि चौकी के कमरे की दीवारों में दरारें पड़ गईं. पीछे की तरफ बने बाथरूम और कमरों की शीशे वाली खिड़कियां टूट गईं. चौकी में रखा अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना 6 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजकर 50 मिनट की है. उस समय उपनिरीक्षक विकास सिंह वसुंधरा पुलिस चौकी पर मौजूद थे. इसी दौरान चौकी के पिछले हिस्से में अचानक तेज धमाका हुआ. धमाके की आवाज से चौकी परिसर में हड़कंप मच गया. घटना के बाद मौके पर फील्ड यूनिट और अन्य जांच एजेंसियों को बुलाया गया. टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की.
इस मामले में उपनिरीक्षक विकास सिंह की ओर से इंदिरापुरम थाने में लिखित शिकायत दी गई. इसके आधार पर 7 नवंबर 2026 को शाम 5:29 बजे FIR दर्ज की गई. मुकदमे में फिलहाल किसी व्यक्ति को नामजद नहीं किया गया है. पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
इंस्पेक्टर अजय चौधरी को सौंपी गई जांच
FIR में मामले की विवेचना इंस्पेक्टर अजय चौधरी को सौंपी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि चौकी के पिछले हिस्से में धमाका किस वजह से हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. FIR में फिलहाल धमाके के कारण और इस्तेमाल किए गए पदार्थ का स्पष्ट उल्लेख नहीं है.
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(f), 326(g) और 132 के अलावा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 और 4 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. फिलहाल मामले में आरोपी अज्ञात है और धमाके की वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
