Last Updated:
जयपुर के कलाकार महेश प्रजापति दिल्ली हाट में अपनी अनोखी कला दिखा रहे हैं. वे पुराने स्टांप पेपर, पोस्टकार्ड और बही-खातों पर मिनिएचर पेंटिंग्स बना रहे हैं. इन कलाकृतियों में प्राकृतिक रंगों और 24 कैरेट सोने का इस्तेमाल होता है. उनकी इन पेंटिंग्स की कीमत 500 से 15,000 रुपये तक है.
नई दिल्लीः दिल्ली हाट में इन दिनों देशभर के कलाकार अपनी कला और हुनर लेकर पहुंचे हैं. इन्हीं में राजस्थान के जयपुर से आए कलाकार महेश प्रजापति भी शामिल हैं, जो पुराने और ऐतिहासिक दस्तावेजों को अपनी कलाकारी से एक नया रूप दे रहे हैं. उनकी बनाई पेंटिंग्स की खासियत यह है कि इनमें पुराने जमाने के स्टांप पेपर, पोस्टकार्ड, बही-खाते और उर्दू किताबों के पन्नों का इस्तेमाल किया गया है.
पुराने कागजों पर दिखती है राजस्थानी संस्कृति की झलक
महेश प्रजापति बताते हैं कि वह 16 तारीख से दिल्ली में हैं और यहां लोगों से उन्हें काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. उनके पास पुराने स्टांप पेपर हैं, जिनका इस्तेमाल कभी राजा-महाराजाओं के दौर में अदालतों और दूसरे जरूरी कामों में किया जाता था. इन कागजों पर उन्होंने पारंपरिक शैली में बाघ समेत कई खूबसूरत पेंटिंग बनाई हैं.
इतना ही नहीं, पुराने पोस्टकार्ड, बही-खाते और उर्दू किताबों के पन्नों को भी उन्होंने अपनी कला का हिस्सा बनाया है. उनका मानना है कि पुराने दस्तावेजों पर बनी ये पेंटिंग न सिर्फ देखने में खूबसूरत लगती हैं, बल्कि हमारी पुरानी संस्कृति और विरासत को भी अपने साथ संजोकर रखती हैं.
प्राकृतिक रंगों और 24 कैरेट सोने का इस्तेमाल
महेश की कला की एक और खास बात यह है कि वह हाथ से बने कागज और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करते हैं. उनकी कुछ पेंटिंग्स में 24 कैरेट सोने का भी काम किया जाता है. वह बताते हैं कि इस तरह की बारीक मिनिएचर आर्ट में काफी धैर्य और मेहनत लगती है. सोने के इस्तेमाल की वजह से कुछ पेंटिंग्स की लागत भी बढ़ जाती है.
500 रुपये से लेकर 15 हजार तक की पेंटिंग
इन पेंटिंग्स की कीमत उनके काम और बारीकी के हिसाब से तय होती है. पुराने पोस्टकार्ड पर बनी पेंटिंग 500, 1000 और 1500 रुपये तक में मिल जाती है, जबकि स्टांप पेपर पर बनी कुछ खास कलाकृतियों की कीमत 3000 रुपये से शुरू होकर 10 से 15 हजार रुपये तक पहुंच जाती है.महेश बताते हैं कि इस कला से उन्हें हर महीने करीब 25 से 40 हजार रुपये तक की आमदनी हो जाती है.
2007 में मिला नेशनल मेरिट अवॉर्ड
महेश प्रजापति को साल 2007 में नेशनल मेरिट अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है. इसके अलावा सरकार की ओर से उन्हें लंदन और थाईलैंड में अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर भी मिला. वह मिनिएचर आर्ट की बारीकियां दूसरे लोगों को भी सिखा चुके हैं.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
