Last Updated:
दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में हिंदू कॉलेज की छात्रा के साथ SUV सवार लड़कों द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. बुधवार रात हकीकत पार्क के पास हुई इस वारदात में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दो आरोपियों, अभिनव और अभिमन्यु को अरेस्ट कर लिया है. मुख्य आरोपी नमन की तलाश अभी जारी है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार जब्त कर ली है और सख्त धाराओं में केस दर्ज किया है.
मुखर्जी नगर थाने में दर्ज हुई एफआई. (File Photo : PTI)
नई दिल्ली: मुखर्जी नगर इलाका एक बार फिर लड़कियों की सुरक्षा को लेकर सुर्खियों में है. बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे हिंदू कॉलेज की एक छात्रा अपनी सहेली के साथ हकीकत पार्क के पास से जा रही थी. उसी दौरान एक एसयूवी कार में सवार कुछ लड़कों ने उन्हें घेर लिया. लड़कों ने न सिर्फ छात्राओं का पीछा किया, बल्कि उन पर अश्लील कमेंट्स और भद्दी फब्तियां भी कसीं. अचानक हुए इस हमले जैसी हरकत से लड़कियां बुरी तरह सहम गईं.
पीड़िता की शिकायत मिलते ही दिल्ली पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई. पुलिस टीम ने सबसे पहले वारदात में इस्तेमाल की गई एसयूवी कार को ट्रेस किया. इसके बाद ताबड़तोड़ छापेमारी करके दो आरोपियों को दबोच लिया. इनमें से एक आरोपी अभिनव को लक्ष्मी नगर इलाके से पकड़ा गया, जबकि दूसरे आरोपी अभिमन्यु को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की टीमें लगातार दबिश देकर इन दोनों तक पहुंचने में कामयाब रहीं.
