वनडे सीरीज जीतने उतरेगी टीम इंड‍िया… न्‍यूजीलैंड के ख‍िलाफ कब और कहां खेला जाएगा तीसरा मैच, कहां होगा लाइव टेलीकास्‍ट

नई द‍िल्‍ली. क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें एक बार फिर से भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले रोमांचक मुकाबले पर टिक गई हैं. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार (10 नवंबर) को हैम‍िल्‍टन के ऐतिहासिक सेडन पार्क में खेला जाएगा. कीवी टीम इस घरेलू सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार का सामना कर चुकी है और ऐसे में उनके लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा बन गया है. यदि न्यूजीलैंड की टीम मंगलवार को यह मैच हार जाती है, तो विश्व की नंबर-1 टीम के खिलाफ उनकी वनडे सीरीज जीतने की बची-खुची उम्मीदें भी समाप्त हो जाएंगी.

सीरीज के पहले दो मैचों में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. भारतीय टीम के युवा और अपेक्षाकृत अनुभवहीन तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामने कीवी बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. शुरुआती दोनों मैचों में मेजबान टीम क्रमशः 185 और 135 रनों के मामूली स्कोर पर ही सिमट गई. अब सेडन पार्क के मैदान पर कीवी टीम एक बड़े स्कोर की तलाश में उतरेगी ताकि सीरीज में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा जा सके. दूसरी ओर, भारतीय टीम मैनेजमेंट और दुनिया भर के फैंस की निगाहें कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) पर टिकी होंगी, जो दूसरे वनडे में अपना खाता भी नहीं खोल सके थे और शून्य पर आउट हो गए थे. शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज इस तीसरे वनडे के बाद न्यूज़ीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए वनडे स्क्वाड से अलग हो जाएंगे.

हार का बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम को इसी सेडन पार्क के मैदान पर 1 नवंबर को खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में 8 विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था. ऐसे में मेहमान टीम इस मैदान पर उस हार का बदला लेने के पूरे इरादे के साथ मैदान पर उतरेगी.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे कब और कहां खेला जाएगा?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का तीसरा वनडे मंगलवार, 10 नवंबर को हैम‍िल्‍टन के सेडन पार्क (Seddon Park) में खेला जाएगा.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे वनडे की शुरुआत कितने बजे होगी?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे भारतीय समयानुसार (IST) सुबह 07:30 बजे शुरू होगा, जबकि मैच का टॉस सुबह 07:00 बजे किया जाएगा.

भारत बनाम न्यूजीलैंड के तीसरे वनडे मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट किस टीवी चैनल पर देखा जा सकता है?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की इस रोमांचक का तीसरा मुकाबला भारत में Sony Ten 1 और Sony Ten 3 टीवी चैनलों पर लाइव प्रसारित किया जाएगा.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे वनडे की लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ मंगलवार को होने वाला तीसरा वनडे मुकाबला Sony LIV ऐप और उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देखा जा सकेगा.

तीसरे वनडे मुकाबले के लिए दोनों टीमों के स्क्वाड क्या हैं?
भारत (India): रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, अंशुल कंबोज, आकिब नबी, गुरनूर ब्रार, अर्शदीप सिंह, रुतुराज गायकवाड़, मोहम्मद सिराज, ईशान क‍िशन, कुलदीप यादव.

न्यूजीलैंड (New Zealand): मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, काइल जैमीसन, निक केली, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सेफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *