'दिल्ली गैंग ने पंजाब में पराली जलाई…' दिवाली पर दमघोंटू हवा को BJP ने बताया 'केजरीवाल की साजिश', AAP का पलटवार

दिल्ली में दिवाली के बाद बिगड़ी हवा को लेकर अब सियासी घमासान तेज हो गया है. राजधानी में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंचने के बीच दिल्ली सरकार के मंत्री और बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर बड़ा आरोप लगाया है. मिश्रा का दावा है कि दिवाली के दिन पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक 10 गुना बढ़ोतरी हुई और करीब 1,200 जगहों पर आग लगाई गई. उन्होंने इसे दिल्ली के खिलाफ साजिश करार देते हुए अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा है.

दिल्ली में प्रदूषण को लेकर कपिल मिश्रा ने कहा कि ‘दिल्ली की गैंग जो पंजाब गई उन्होंने आग लगवाई है. इसका सच सामने आया तो पता चले कि केजरीवाल ही जेल चला जाएगा.’ उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पराली जलाने की घटनाओं को लेकर FIR दर्ज कराने और मामले की जांच करने की मांग की. मिश्रा ने अपने आरोपों के समर्थन में सैटेलाइट से मिले आंकड़ों का हवाला दिया है.

कपिल मिश्रा ने बताया कि उन्हें पंजाब के किसानों की ओर से खेतों में आग लगाए जाने की शिकायतें मिली थीं. इसके बाद उन्होंने और बीजेपी नेता सिरसा ने सैटेलाइट के जरिए सामने आ रहे पराली जलाने के आंकड़े मंगवाए. मिश्रा के मुताबिक, 5, 6 और 7 नवंबर को पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं अपेक्षाकृत कम थीं.

उन्होंने दावा किया कि 7 नवंबर को 125 जगहों पर पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि दिवाली की शाम और रात के दौरान यह संख्या बढ़कर करीब 1,200 हो गई. मिश्रा ने सवाल उठाया कि आखिर एक दिन में पराली जलाने की घटनाएं इतनी तेजी से कैसे बढ़ गईं?

उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान पराली नहीं जलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन दिवाली के दिन अचानक इतनी बड़ी संख्या में आग लगने की घटनाएं सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है. उनके मुताबिक, यह किसानों, दिवाली, दिल्ली और पंजाब को बदनाम करने की साजिश हो सकती है.

‘AAP नेताओं के फोन रिकॉर्ड की हो जांच’

कपिल मिश्रा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की कि जहां-जहां पराली जलाने की घटनाएं हुई हैं, वहां FIR दर्ज कराई जाए और पूरे मामले की जांच हो. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली से पंजाब गए AAP नेताओं और वहां के पार्टी विधायकों की भूमिका की भी पड़ताल की जानी चाहिए.

मिश्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के उन नेताओं के फोन रिकॉर्ड की जांच होनी चाहिए, जो दिल्ली से पंजाब गए थे. उन्होंने दावा किया कि प्रदूषण को लेकर दिवाली से दो दिन पहले ही एक अभियान शुरू कर दिया गया था. मिश्रा ने आरोप लगाया कि अगर जानबूझकर खेतों में आग लगाई गई है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि मामले की सच्चाई सामने आने पर अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं और उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है.

आप का बीजेपी पर पलटवार

कपिल मिश्रा के इस आरोपों पर आम आदमी पार्टी की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया आई है. AAP के वरिष्ठ नेता बलतेज सिंह पन्नू के कहा, ‘भाजपा हर बार पंजाब के किसानों को बदनाम करने का मौका तलाशती है. धान की कटाई से पहले ही बीजेपी नेताओं ने पंजाब के धुएं का राग अलापना शुरू कर दिया था.’ इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में लगभग 90% तक कमी आई है. उन्होंने कहा, ‘भाजपा दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराना बंद करे और बताए कि किसान आंदोलन में शहीद हुए 750 किसानों के लिए उसने क्या किया?’

दिल्ली में दमघोंटू हवा, कई इलाकों में AQI 400 के पार

इस सबके बीच दिल्ली की हवा की हालत लगातार चिंताजनक बनी हुई है. सोमवार सुबह राजधानी के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया.

सुबह 10 बजे दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में सबसे ज्यादा 439 AQI रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद बुराड़ी क्रॉसिंग में 433, विवेक विहार में 421, दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस और सोनिया विहार में 419-419 तथा बवाना में 418 AQI दर्ज किया गया. ये सभी स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में आते हैं.

‘पंजाब में 4,459 जगह पराली जलाने की घटनाएं दर्ज’

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने भी पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं को लेकर आंकड़े जारी किए हैं. आयोग के मुताबिक, 8 नवंबर तक राज्य में पराली जलाने की कुल 4,459 घटनाएं दर्ज की गई थीं. इनमें से 2,998 स्थानों पर भौतिक निरीक्षण किया गया और 1,310 जगह पर पराली जलाए जाने की पुष्टि हुई.

आयोग के अनुसार, 884 मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत FIR दर्ज की गई है. वहीं, 1,017 खेतों के भूमि रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है. इसके अलावा CAQM अधिनियम की धारा 14 के तहत 18 नोडल अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की कार्यवाही शुरू की गई है.

दिल्ली में प्रदूषण के लिए वाहनों से निकलने वाला धुआं, पटाखे, पराली जलाने की घटनाएं और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां प्रमुख कारकों में शामिल हैं. ऐसे में कपिल मिश्रा के आरोपों ने प्रदूषण के मुद्दे को एक बार फिर दिल्ली और पंजाब की राजनीति के केंद्र में ला दिया है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *