Last Updated:
Delhi Famous Paan Shop: दिल्ली के राष्ट्रपति भवन स्थित पांडेय पान की दुकान पर पारंपरिक पान के साथ चॉकलेट, ब्लूबेरी, मैंगो और बटरस्कॉच जैसे कई नए फ्लेवर मिलते हैं. यहां पान की कीमत 50 रुपये से शुरू होती है. दिल्ली आएं तो एक बार इस दुकान का पान जरूर चखें.
दिल्ली. दिल्ली में पान खाने के शौकीन लोगों की कमी नहीं है. कोई गुलकंद वाला मीठा पान पसंद करता है, तो किसी को सादा और पारंपरिक पान खाना अच्छा लगता है. लेकिन क्या आपने कभी ब्लूबेरी, चॉकलेट, मैंगो या बटरस्कॉच फ्लेवर वाला पान खाया है? अगर नहीं, तो दिल्ली की पांडेय पान की दुकान पर आपको पान की कई ऐसी वैरायटी मिल जाएंगी, जिनके बारे में शायद आपने पहले नहीं सुना होगा. दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू स्थित राष्ट्रपति भवन में मौजूद इस दुकान पर पारंपरिक पान के साथ कई तरह के नए फ्लेवर भी मिलते हैं.
यह पान है सबसे खास
यहां का माधुरी हनी स्वीट पान खास है, जिसे प्राकृतिक गुलाब की पंखुड़ियों और चीनी से तैयार किया जाता है. इसकी खुशबू और मीठा स्वाद इसे बाकी पान से अलग बनाता है. अगर आपको फलों का स्वाद पसंद है, तो यहां फोर थ्री फाइव पान और मैंगो पान भी ट्राई कर सकते हैं. फोर थ्री फाइव पान में चार तरह की बेरीज का इस्तेमाल किया जाता है. वहीं, मैंगो पान में ताजा आम और गुलकंद का स्वाद मिलता है. दुकान पर बटरस्कॉच स्वीट पान भी मिलता है, जिसमें काजू क्रंच का इस्तेमाल किया जाता है.
चॉकलेट और ब्लूबेरी पान भी हैं खास
इस दुकान की एक और खासियत है यहां मिलने वाले चॉकलेट पान. इसमें रेगुलर चॉकलेट के अलावा मैंगो चॉकलेट और ब्लूबेरी चॉकलेट पान भी शामिल हैं. मैंगो पान में ताजा आम, गुलकंद और पान के पत्ते के साथ ऊपर से चॉकलेट की कोटिंग की जाती है. वहीं, ब्लूबेरी पान में ताजा ब्लूबेरी और ब्लूबेरी चॉकलेट का इस्तेमाल होता है. यहां मिलने वाला वॉफल पान भी ग्राहकों के लिए एक अलग ऑप्शन है. दुकान के कर्मचारी सौरभ पाठक ने बताया कि साल 2020 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे के दौरान भी खास चॉकलेट पान तैयार किया गया था.
एक महीने तक बिना फ्रिज के रख सकते हैं पान के कोन
यहां सिर्फ पान के फ्लेवर ही नहीं, बल्कि उसे परोसने का तरीका भी अलग है. दुकान पर कॉर्न फ्लोर से बने ग्लूटेन-फ्री कोन मिलते हैं. इन कोन की खासियत यह है कि इन्हें बिना फ्रिज के करीब एक महीने तक रखा जा सकता है. ब्लूबेरी, चॉकलेट और बटरस्कॉच जैसे तीन फ्लेवर में उपलब्ध ये कोन उन लोगों के लिए भी अच्छा ऑप्शन हैं, जो सफर के दौरान इन्हें अपने साथ ले जाना चाहते हैं.
50 रुपये से शुरू होती है कीमत
अगर कीमत की बात करें, तो यहां पान की शुरुआत 50 रुपये से होती है. ज्यादातर पान 50 रुपये के हैं, जबकि कुछ खास वैरायटी 70 और 100 रुपये तक मिलती हैं. यानी यहां 50 से 100 रुपये के बजट में पान की अलग-अलग वैरायटी का स्वाद लिया जा सकता है. दुकान सुबह 11 बजे से रात 11:30 बजे तक खुलती है और साल के 365 दिन ग्राहकों के लिए उपलब्ध रहती है. होली पर दुकान शाम 5 बजे के बाद खुलती है, जबकि दिवाली पर शाम 5 बजे बंद हो जाती है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
