Last Updated:
नोएडा मेट्रो के एक्वा लाइन विस्तार के लिए एलएंडटी को 2500 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है. इस प्रोजेक्ट के तहत बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर 142 और डिपो से बोराकी तक 15.1 किमी लंबे वायाडक्ट और 10 नए स्टेशन बनेंगे.
नोएडा मेट्रो एक्वा लाइन एक्सटेंशन के लिए एलएंडटी को मिला ऑर्डर.
अगर आप नोएडा में रहते हैं या वहां से रोज सफर करते हैं तो आपके लिए खुशखबरी है. कंस्ट्रक्शन कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) एक बार फिर नोएडा मेट्रो के विस्तार का जिम्मा उठाने जा रही है. सोमवार को एलएंडटी ने ऐलान किया कि उसे नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) से एक्वा लाइन के विस्तार के लिए 2500 करोड़ रुपये का एक बड़ा ऑर्डर मिला है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से आपकी कनेक्टिविटी शानदार हो जाएगी.
प्रोजेक्ट के तहत एलएंडटी 15.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड वायाडक्ट का डिजाइन और निर्माण करेगी. यह प्रोजेक्ट मुख्य रूप से दो हिस्सों में बंटा है.
- बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-142 तक: यह रूट शुरू होने से एक्वा लाइन का सीधा कनेक्शन दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा और ब्लू लाइन से जुड़ जाएगा. इससे दिल्ली और नोएडा के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों की बड़ी परेशानी दूर हो जाएगी.
- डिपो स्टेशन से बोराकी तक: यह हिस्सा ग्रेटर नोएडा के आगे तक कनेक्टिविटी बढ़ाएगा, जिससे इस इलाके में रहने वाले लोगों को भी मेट्रो का फायदा मिलेगा.
इन दोनों रूट्स पर कुल 10 नए एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे. सबसे अच्छी बात यह है कि एलएंडटी ने इस पूरे प्रोजेक्ट को महज 3 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है.
एलएंडटी ऑर्डर के मामले में बना रही नए रिकॉर्ड
- कंपनी इस समय भारी मुनाफा और ग्रोथ दर्ज कर रही है. फाइनेंशियल ईयर 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में एलएंडटी की कमाई 16% बढ़कर 78750 करोड़ रुपये हो गई है. पिछले साल इसी दौरान यह 67984 करोड़ रुपये थी.
- 30 सितंबर 2026 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी को 147665 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं. यह पिछले साल के मुकाबले 28% ज्यादा है!
- इन नए ऑर्डर्स में 63% हिस्सा यानी लगभग 92375 करोड़ रुपये तो सिर्फ विदेशों से आया है, जिसमें हाइड्रोकार्बन, एयरपोर्ट और पावर ट्रांसमिशन जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स शामिल हैं.
क्या कहते हैं एलएंडटी के चेयरमैन?
एलएंडटी के चेयरमैन और एमडी एसएन सुब्रह्मण्यन ने कहा, दुनिया भर में चल रही उथल-पुथल के बावजूद, कंपनी ने शानदार प्रदर्शन किया है. यह ग्राहकों के हम पर भरोसे का नतीजा है. हमने एक बार फिर तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा ऑर्डर हासिल किया है.
उन्होंने एक और बड़ी बात बताई कि फिलहाल कंपनी के पास 8.5 लाख करोड़ रुपये की अब तक की सबसे बड़ी ऑर्डर बुक है. इसका मतलब है कि आने वाले कई सालों तक कंपनी के पास काम और कमाई की कोई कमी नहीं है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि एलएंडटी नई तकनीक और इनोवेशन में निवेश करना जारी रखेगी
About the Author
ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा हिंदी पत्रकारिता का एक जाना-पहचाना नाम हैं. उन्हें मीडिया में करीब 20 साल का एक्सपीरियंस है. वर्तमान में वह News18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं …
