Agency:एजेंसियां
Last Updated:
छठ पूजा पर दिल्ली हाईकोर्ट में बड़ा फैसला लिया गया है. सोमवार 16 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट के साथ सभी अधीनस्थ अदालतें भी बंद रहेंगी. हाईकोर्ट प्रशासन ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. हालांकि छुट्टी के बदले हाईकोर्ट 21 नवंबर यानी तीसरे शनिवार को खुलेगा. वहीं निचली अदालतों में 12 दिसंबर को कामकाज होगा. 16 नवंबर को जिन मामलों की सुनवाई तय थी उन्हें 17 नवंबर को सुना जाएगा. दिल्ली सरकार पहले ही छठ पूजा के लिए स्कूलों और सरकारी दफ्तरों में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर चुकी है. छठ का पर्व 13 नवंबर से शुरू होगा.
छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर 2026 को दिल्ली हाईकोर्ट और अधीनस्थ अदालतों में छुट्टी रहेगी. (फाइल फोटो)
छठ पूजा की तैयारियों के बीच दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए एक और अहम अपडेट आया है. अगर आपका कोई केस दिल्ली हाईकोर्ट या किसी निचली अदालत में लगा है तो तारीख जरूर चेक कर लें. छठ पूजा के मौके पर सोमवार 16 नवंबर 2026 को दिल्ली की सभी अदालतों में छुट्टी रहेगी. दिल्ली हाईकोर्ट ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसके मुताबिक हाईकोर्ट के साथ उसके अधीनस्थ न्यायालय भी इस दिन बंद रहेंगे. यानी 16 नवंबर को कोर्ट पहुंचने की तैयारी कर रहे लोगों को अब अपनी योजना बदलनी होगी. यह फैसला ऐसे समय आया है जब दिल्ली सरकार पहले ही छठ पूजा के अवसर पर सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर चुकी है.
हालांकि अदालतों की यह छुट्टी बिना किसी बदलाव के नहीं होगी. हाईकोर्ट ने 16 नवंबर के अवकाश के बदले अलग-अलग तारीखों पर कामकाज रखने का फैसला किया है. दिल्ली हाईकोर्ट 21 नवंबर यानी तीसरे शनिवार को खुलेगा. वहीं अधीनस्थ अदालतों में 12 दिसंबर यानी दूसरे शनिवार को कामकाज होगा. इसके अलावा 16 नवंबर को जिन मामलों की सुनवाई तय थी उन्हें अगले दिन यानी 17 नवंबर को सुना जाएगा. ये मामले उस दिन पहले से सूचीबद्ध मुकदमों के अतिरिक्त होंगे. ऐसे में वकीलों और पक्षकारों के लिए नई तारीखों की जानकारी रखना जरूरी है.
16 नवंबर को हाईकोर्ट और निचली अदालतों में छुट्टी
दिल्ली हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना में साफ किया गया है कि छठ पूजा के अवसर पर सोमवार 16 नवंबर 2026 को हाईकोर्ट और उसके अधीनस्थ न्यायालयों में अवकाश रहेगा. यह आदेश दिल्ली की निचली अदालतों पर भी लागू होगा. इसलिए इस दिन नियमित अदालती कामकाज नहीं होगा.
छुट्टी के बदले इन दो शनिवार को खुलेंगे कोर्ट
अधिसूचना के मुताबिक 16 नवंबर की छुट्टी के बदले दिल्ली हाईकोर्ट में शनिवार 21 नवंबर को कामकाज होगा. यह नवंबर महीने का तीसरा शनिवार है. वहीं हाईकोर्ट के अधीनस्थ न्यायालयों में शनिवार 12 दिसंबर को कार्य दिवस रहेगा. यह दिसंबर का दूसरा शनिवार है. इस व्यवस्था के जरिए छुट्टी के कारण प्रभावित होने वाले कामकाजी दिनों की भरपाई की जाएगी.
16 नवंबर वाले मामलों की सुनवाई 17 नवंबर को
हाईकोर्ट के नोटिफिकेशन में मामलों की सुनवाई को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है. 16 नवंबर को जिन मुकदमों की सुनवाई तय थी उन्हें मंगलवार 17 नवंबर को सुना जाएगा. इन मामलों की सुनवाई उस दिन पहले से सूचीबद्ध केसों के अलावा होगी. ऐसे में जिन पक्षकारों के मामले 16 नवंबर को लगे थे उन्हें नई तारीख के लिए अलग से इंतजार नहीं करना होगा.
दिल्ली सरकार ने भी घोषित किया है सार्वजनिक अवकाश
दिल्ली सरकार ने भी छठ पूजा के लिए 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. इस दिन सरकार के स्कूलों और सरकारी कार्यालयों के साथ स्वायत्त निकाय तथा सार्वजनिक उपक्रम भी बंद रहेंगे. सामान्य प्रशासन विभाग ने उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद इसकी अधिसूचना जारी की थी.
13 से 16 नवंबर तक छठ पूजा
छठ पूजा का चार दिवसीय पर्व 13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होगा. 14 नवंबर को खरना किया जाएगा. 15 नवंबर को व्रती डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे. इसके बाद 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और व्रत का पारण होगा.
