संयोग या डर? ओवैसी की रामपुर रैली के बाद दौड़े आजम के पास दौड़े आए थे अखिलेश, चंद्रशेखर से गठबंधन पर शिवपाल जा रहे गाजियाबाद जेल

Last Updated:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद गठबंधन और आजम खान को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. 11 नवंबर को एआईएमआईएम ने दोनों नेताओं के गठबंधन में चुनाव लड़ने का ऐलान किया. इसके कुछ देर बाद खबर आई कि शिवपाल यादव 12 नवंबर को गाजियाबाद जेल में आजम खान से मुलाकात करेंगे. इससे पहले 18 अक्टूबर को ओवैसी ने रामपुर में आजम खान के समर्थन में बयान दिया था. इसके बाद अखिलेश यादव ने जेल जाकर उनसे मुलाकात की थी. अब शिवपाल की मुलाकात को सपा की आगे की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.

12 नवंबर को गाजियाबाद जेल में आजम खान से मिलेंगे शिवपाल सिंह यादव.

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में एक गजब का संयोग देखने को मिल रहा है. 11 नवंबर को AIMIM नेता शादाब चौहान ने घोषणा की कि यूपी चुनाव 2027 में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद गठबंधन में लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की औपचारिक घोषणा ओवैसी और चंद्रशेखर खुद करेंगे. यह खबर आने के कुछ मिनट बाद ही खबर आई कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव 12 नवंबर को गाजियाबाद जेल पहुंचेंगे. वह यहां सपा के संस्थापक नेता आजम खान से मुलाकात करेंगे.

दूसरा संयोग

18 अक्टूबर को AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी ने रामपुर में रैली की और जेल में बंद आजम खान के प्रति सहानुभूति प्रकट की थी. साथ ही अखिलेश यादव को सीधे तौर से निशाने पर लिया था. इत्तेफाक देखिए कि ओवैसी की 18 अक्टूबर वाली रैली के बाद खबर आई कि अखिलेश यादव 22 अक्टूबर को रामपुर जेल जाकर आजम खान से मिलेंगे. तय प्रोग्राम के तहत अखिलेश यादव रामपुर पहुंचे और आजम खान की पत्नी को साथ लेकर रामपुर जेल में जाकर मुलाकात की. हालांकि उन्होंने इस मुलाकात को पारिवारिक और व्यक्तिगत बताया था, लेकिन आजम खान से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने ओवैसी को लेकर पहली बार बयान दिया और उनकी तुलना रावण से की थी.

यूपी चुनाव में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी लगातार सपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं.

12 नवंबर को सुबह 11 बजे आजम खान से जेल में मिलेंगे शिवपाल यादव

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव 12 नवंबर को गाजियाबाद पहुंचेंगे. यहां वह जिला कारागार में बंद आजम खान से मुलाकात करेंगे. इस मुलाकात को कई मायनों में अहम माना जा रहा है. तय कार्यक्रम के मुताबिक, शिवपाल यादव सुबह 10:30 बजे गाजियाबाद जिला कारागार पहुंचेंगे. यहां करीब 11 बजे उनकी आजम खान से मुलाकात होगी. इसके बाद दोपहर एक बजे वह यूपी भवन के लिए रवाना होंगे.

शिवपाल यादव का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब 13 नवंबर को आजम खान की गाजियाबाद स्थित ईडी कोर्ट में पेशी होनी है. उनकी न्यायिक हिरासत की अवधि भी इसी दौरान पूरी हो रही है. ऐसे में कोर्ट में पेशी से ठीक एक दिन पहले शिवपाल यादव की मुलाकात को अहम माना जा रहा है.

पहली बार गाजियाबाद जेल में बंद हैं आजम खान

आजम खान अब तक रामपुर समेत दूसरी जेलों में रहे हैं, लेकिन ईडी से जुड़े मामले में पहली बार उन्हें गाजियाबाद जेल लाया गया है. जेल प्रशासन ने शिवपाल यादव की मुलाकात को लेकर तैयारियां भी की हैं. मुलाकात के लिए जेल में व्यवस्था की जा रही है.

आजम खान की सेहत और जेल की व्यवस्थाओं पर भी हो सकती है चर्चा

आजम खान की सेहत और जेल में मिल रही सुविधाओं का मुद्दा भी इस मुलाकात में उठ सकता है. पिछले सप्ताह उनकी पत्नी तंजीम फातिमा ने उनसे मुलाकात की थी. उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई थी. आजम खान शुगर के मरीज हैं. उनकी दवाइयों और दूसरी मेडिकल सुविधाओं को लेकर कोर्ट भी निर्देश दे चुका है.

आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान को ईडी ने अपने हिरासत में लिया.

इससे पहले अखिलेश यादव भी आजम खान से जेल में मुलाकात कर चुके हैं. अब शिवपाल यादव के पहुंचने से समाजवादी पार्टी के भीतर आजम खान को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की अटकलें तेज हो सकती हैं. मुलाकात के बाद शिवपाल यादव से इस संबंध में सवाल भी पूछे जा सकते हैं.

About the Author

अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार News18 की डिजिटल टीम में बतौर एसोसिएट एडिटर (सहयोगी संपादक) पद पर कार्यरत हैं. वे यहां बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तसीगढ़, उत्तराखंड की राजनीति, क्राइम समेत तमाम समसामयिक…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *