दिल्ली: अगर आप बैंक से लोन लेने की योजना बना रहे हैं, तो सिर्फ ब्याज दर देखकर फैसला न करें. लोन लेते समय कई ऐसे चार्ज भी होते हैं, जिनकी जानकारी लोगों को पहले से नहीं होती हैं. बाद में जब बैंक की तरफ से अतिरिक्त पैसे मांगे जाते हैं, तब लोगों को इसका पता चलता है. ऐसे में लोन लेने से पहले बैंक से सभी तरह के चार्ज की जानकारी लेना जरूरी है. इकोनॉमिस्ट आकाश जिंदल के मुताबिक, लोन लेने से पहले बैंक से सिर्फ ब्याज दर ही नहीं, बल्कि उससे जुड़े सभी शुल्क के बारे में भी साफ-साफ पूछना चाहिए. बैंक से यह जानकारी लिखित में या ईमेल के जरिए लेनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी तरह का विवाद या गलतफहमी न हो.
प्रोसेसिंग फीस के बारे में जरूर पूछें
लोन लेते समय बैंक प्रोसेसिंग फीस वसूलता है. यह शुल्क लोन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए लिया जाता है. कई बार ग्राहक को लगता है कि सिर्फ ब्याज देना होगा, लेकिन प्रोसेसिंग फीस के बारे में जानकारी नहीं होती. इसलिए लोन फाइनल करने से पहले बैंक से पूछें कि प्रोसेसिंग फीस कितनी है और यह कब देनी होगी.
डॉक्यूमेंटेशन चार्ज को न करें नजरअंदाज
कई बार बैंक लोन से जुड़े कागजात तैयार करने के नाम पर डॉक्यूमेंटेशन चार्ज भी लेते हैं. ग्राहक अक्सर प्रोसेसिंग फीस और डॉक्यूमेंटेशन चार्ज के बीच अंतर को लेकर उलझन में रहते हैं. आकाश जिंदल का कहना है कि ग्राहक के लिए सबसे जरूरी यह समझना है कि उसकी जेब से कुल कितने पैसे जा रहे हैं. चाहे बैंक किसी भी नाम से शुल्क ले रहा हो, उसकी जानकारी पहले ही लेनी चाहिए.
फाइल और दूसरे अतिरिक्त चार्ज की जानकारी लें
लोन लेते समय फाइल चार्ज या दूसरे प्रशासनिक शुल्क भी लग सकते हैं. इसलिए बैंक से सीधे पूछें कि ब्याज दर के अलावा आपको कौन-कौन से पैसे देने होंगे. कई बार बैंक की ओर से काम करने वाली थर्ड पार्टी एजेंसी ग्राहक को पूरी जानकारी नहीं दे पाती है. ऐसे में किसी एजेंट की बात पर निर्भर रहने के बजाय संबंधित बैंक की शाखा से सीधे संपर्क करें.
EMI लेट होने या चेक बाउंस होने पर लगने वाला चार्ज
अगर किसी महीने सैलरी देर से आती है या घर में अचानक कोई खर्च आ जाता है और EMI समय पर नहीं भर पाते, तो बैंक की ओर से अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है. इसी तरह चेक बाउंस होने या EMI मैंडेट फेल होने की स्थिति में भी चार्ज लग सकते हैं. इसलिए लोन लेने से पहले ही बैंक से पूछ लें कि EMI में देरी होने या भुगतान फेल होने पर कितनी पेनल्टी देनी होगी.
मैंडेट फेलियर और पेमेंट से जुड़े शुल्क समझें
कई बार खाते से EMI कटने में परेशानी आती है या ऑटो डेबिट मैंडेट फेल हो जाता है. ऐसी स्थिति में बैंक बाउंस या मैंडेट फेलियर चार्ज लगा सकता है. ग्राहक को पहले ही यह पता होना चाहिए कि ऐसी स्थिति में बैंक कितना शुल्क वसूलेगा और भुगतान दोबारा करने की प्रक्रिया क्या होगी.
बैंक से हर चार्ज की जानकारी लिखित में लें
आकाश जिंदल का कहना है कि लोन लेने से पहले बैंक से सभी चार्ज की जानकारी लिखित में या ईमेल के जरिए जरूर मांगनी चाहिए. सिर्फ बोलने वाले भरोसे पर न रहें. अगर बैंक की तरफ से कोई व्यक्ति आपको चार्ज की जानकारी दे रहा है तो उसे भी लिखित में लेने की कोशिश करें. जरूरत पड़ने पर हस्ताक्षर और मुहर के साथ जानकारी लें.
