Last Updated:
भारतीय निशानेबाज नीरज कुमार ने आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा हासिल कर लिया. इस चैंपियनशिप में भारत का यह दूसरा ओलंपिक कोटा है. इससे पहले जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश के लिए पहला कोटा हासिल किया था.
नीरज कुमार ने पहली बार वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता व्यक्तिगत मेडल.
नई दिल्ली. लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 की तैयारियों में जुटे भारत के लिए शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप से बड़ी खुशखबरी आई है. भारतीय निशानेबाज नीरज कुमार ने दोहा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. इस पदक के साथ ही उन्होंने भारत को ओलंपिक 2028 का कोटा भी दिला दिया. खास बात यह है कि नीरज का यह वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहला व्यक्तिगत पदक है.
फाइनल में नीरज ने दिखाया दम
नीरज कुमार ने बुधवार को खेले गए फाइनल में शुरुआत से ही शानदार निशाना लगाया. उन्होंने कुल 346.5 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया और ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया. इस स्पर्धा में इंडिविजुअल न्यूट्रल एथलीट के तौर पर खेल रहे दिमित्री पिमेनोव ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि स्लोवाकिया के पैट्रिक जानी को सिल्वर से संतोष करना पड़ा. नॉर्वे के जॉन-हर्मन हेग चौथे स्थान पर रहे. उन्हें भी ओलंपिक कोटा मिला. इस स्पर्धा में तीन ओलंपिक कोटा उपलब्ध थे. पैट्रिक जानी पहले ही अपने देश के लिए कोटा हासिल कर चुके थे, इसलिए चौथे स्थान पर रहने वाले हेग को भी ओलंपिक कोटा मिल गया.
लंबे इंतजार के बाद जीता पहला व्यक्तिगत मेडल
नीरज कुमार के लिए यह उपलब्धि बेहद खास है. वह पिछले कुछ समय से भारतीय शूटिंग टीम के प्रतिभाशाली निशानेबाजों में शामिल रहे हैं. बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में कई बार फाइनल तक पहुंचने के बावजूद व्यक्तिगत वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक उनसे दूर रहा था. दोहा में उन्होंने इस इंतजार को खत्म कर दिया. व्यक्तिगत स्पर्धा के अलावा नीरज ने टीम इवेंट में भी भारत को पदक दिलाने में योगदान दिया. 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में नीरज, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और अखिल श्योराण की तिकड़ी ने कुल 1,751 अंक हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल जीता. इस इवेंट में चेकिया ने गोल्ड और नॉर्वे ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया.
भारत को शूटिंग में मिला दूसरा ओलंपिक कोटा
नीरज कुमार के इस प्रदर्शन से लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए भारत को शूटिंग में दूसरा कोटा मिल गया है. इससे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जयपाल मालवीय ने सिल्वर मेडल जीतकर भारत को पहला कोटा दिलाया था. अब नीरज की सफलता के बाद भारतीय निशानेबाजी दल के पास ओलंपिक की तैयारियों को आगे बढ़ाने का एक और मौका है. हालांकि, यहां यह समझना जरूरी है कि ओलंपिक कोटा खिलाड़ी के नाम पर नहीं, बल्कि देश के नाम पर मिलता है. इसका मतलब है कि नीरज ने भारत के लिए कोटा हासिल किया है, लेकिन इससे ओलंपिक में उनका खेलना तय नहीं हुआ है. अंतिम टीम का चयन भारतीय शूटिंग अधिकारी ओलंपिक के करीब करेंगे.
About the Author
परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
