Noida Greater Noida Extension benefits: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट (Greater Noida West) के लोंगो को केंद्र सरकार ने ऐसा तोहफा दिया है, जिसे कभी नहीं भूलेंगे. नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले लोगों के लिए 11 नवंबर को गुड न्यूज आ गई. दरअसल, सरकार ने अगले 4 सालों में एक्वा लाइन को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर चार तक ले जाने का फैसला किया है. नोएडा मेट्रो रेल परियोजना के तहत एक्वा लाइन (Aqua Line) का विस्तार नोएडा के सेक्टर-51 से लेकर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-04 तक किया जा रहा है. 8.449 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर में कुल 5 नए स्टेशन बनाए जाएंगे. इसकी वजह से न केवल नोएडा की गौर सिटी और पर्थला पुल के उस साइड से कनेक्टिविटी बढ़ेगी, बल्कि लोगों दिल्ली और एयरपोर्ट जाना भी आसान हो जाएगा.
केंद्र सरकार की इस योजना पर पीएम मोदी ने भी बधाई दी है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट लिखकर लोगों को शुभकामना भेजा. पीएम ने एक्स पर लिखा, ‘नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है, क्योंकि कैबिनेट ने एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार (Extension) को आधिकारिक मंजूरी दे दी है. इन दोनों शहरों के तेजी से होते विकास के बीच अब लोगों को रोजमर्रा के लंबे और थकाऊ सफर से निजात मिलेगी. इस नए मेट्रो एक्सटेंशन के शुरू होने से दफ्तरों, स्कूलों, अस्पतालों और प्रमुख कमर्शियल हब तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा, जिससे सड़कों पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से भी काफी हद तक मुक्ति मिलेगी. कम समय में सुरक्षित और सुहाने सफर की यह सौगात इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी को एक नई रफ्तार देगी, जिससे आम लोगों के लिए ‘ईज ऑफ लिविंग’ यानी जीवन जीने की सुगमता में जबरदस्त सुधार आएगा.’
लेकिन क्या आपने सोचा है कि इस नए मेट्रो एक्सटेंशन से आम जनता, नौकरी करने वाले लोगों, छात्रों और बिजनेसमैन को असल में क्या फायदा होगा? आइए जानते हैं इस प्रोजेक्ट से मिलने वाले प्रमुख फायदे:
1. दिल्ली-एनसीआर से शानदार कनेक्टिविटी
वर्तमान में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कई इलाकों में कुशल सार्वजनिक परिवहन का अभाव है. एक्वा लाइन का यह एक्सटेंशन इस कमी को दूर करेगा. सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यह नोएडा सेक्टर-61 में दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन (Blue Line) के साथ इंटरचेंज की सुविधा देगा, जिससे लोग आसानी से दिल्ली के किसी भी हिस्से में आ-जा सकेंगे. यह लाइन शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेगी, जिनमें शामिल हैं:
कमर्शियल हब: गौर सिटी मॉल, ब्लू सफायर मॉल (ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04), H&S मॉल, IKEA (सेक्टर-51) और एंथुरियम मॉल (सेक्टर-73) जाने में नोएडा और बाकी हिस्सों के लोगों को आने-जाने में आसानी होगी, साथ ही बिजनेस में भारी इजाफा होने की उम्मीद रहेगी.
- प्रमुख MNCs और IT हब से कनेक्टिविटी बढेगी: जैसे कि टेक महिंद्रा का ऑफिस, नोएडा सेक्टर-60 में TCL टेक ऑफिस, नोएडा सेक्टर-73 में ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 में गोल्डन-1 का ऑफिस और कमर्शियल स्पेस जाने में आसानी हो जाएगी.
- अस्पताल: कैलाश अस्पताल, रामा अस्पताल (सेक्टर-70 और 62) और क्लाउड9 अस्पताल (सेक्टर-51).
- रिहायशी और शैक्षणिक क्षेत्र: दिल्ली पब्लिक स्कूल (सेक्टर-122), क्लियो काउंटी (सेक्टर-122) और गौर सिटी 1 और 2 (ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04) सब जुड़ेंगे.
2. ट्रैफिक जाम से मिलेगी हमेशा के लिए मुक्ति
इस रूट के शुरू होने से पर्थला चौक, गौर चौक और एक मूर्ति जैसे व्यस्त चौराहों पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी. लोग अपनी कारों और बाइकों की जगह सुरक्षित और तेज मेट्रो का इस्तेमाल करेंगे. इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा, सफर में लगने वाला समय बचेगा और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी.
3. व्यापार और रोजगार में आएगा बूम
मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ने से दिल्ली एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों और बस डिपो तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा. समय की बचत होने से लोगों की उत्पादकता (Productivity) बढ़ेगी. इसके अलावा, नए मेट्रो स्टेशनों के आसपास के इलाकों में स्थानीय व्यापार फलेगा-फूलेगा. जिन इलाकों में पहले पहुंचना मुश्किल था, वहां भी अब बड़े निवेशक पैसा लगाएंगे, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और प्रॉपर्टी के रेट भी बढ़ेंगे.
4. प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ पर्यावरण
सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या कम होने से सबसे बड़ा फायदा पर्यावरण को होगा. पारंपरिक पेट्रोल-डीजल वाले वाहनों के मुकाबले मेट्रो कार्बन उत्सर्जन (Carbon Emission) को काफी हद तक कम करती है. इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा साफ होगी और लोग खुली सांस ले सकेंगे.
5. जीवन स्तर में बड़ा सुधार
यह एक्सटेंशन समाज के हर वर्ग (छात्र, बुजुर्ग, महिलाएं, नौकरीपेशा) को सुरक्षित और सुलभ परिवहन का साधन उपलब्ध कराएगा. सफर में समय कम लगने से लोग अपने परिवार को ज्यादा वक्त दे पाएंगे और उन्हें स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में भी आसानी होगी. कुल मिलाकर, यह प्रोजेक्ट नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विकास और यहां के निवासियों के जीवन स्तर को पूरी तरह से बदल कर रख देगा.
