नोएडा : उत्तर प्रदेश के नोएडा की मुख्य सड़कों में गिनी जाने वाली एलिवेटेड रोड पर एक बार फिर गड्ढा हो गया था. इससे निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा पर उंगलियां उठने लगी. सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर के सामने सड़क की सतह बिगड़ने से कंक्रीट की परत उखड़ गई और नीचे स्थित स्टील स्ट्रक्चर बाहर आ गया. घटना की सूचना मिलते ही प्रभावित हिस्से पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी. इसके जरिए वाहनों के परिचालन को प्रभावित इलाके में रोका गया.
मामला गंभीर होने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने एलिवेटेड रोड की तकनीकी जांच कराने के आदेश जारी कर दिए. इसकी मजबूती की जांच आईआईटी रुड़की की टीम से कराई. शुरुआती जांच में राहत की बात यह सामने आई है कि गड्ढे वाले हिस्से के अलावा पूरे एलिवेटेड रोड में कहीं और कमजोरी नहीं मिली है. इधर, नोएडा एलिवेटेड रोड की एक लेन पिछले 22 दिनों से बंद है. बताया गया था कि मरम्मत का काम एक हफ्ते में पूरा कर लिया जाएगा. मगर, 22 दिनों से सड़क बंद है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है.
सड़क कब खुलेगी, अधिकारियों के पास नहीं जवाब
सड़क की मरम्मत और सुरक्षा जांच के मद्देनजर 21 अक्टूबर से सेक्टर-61 से सेक्टर-18 जाने वाली 4.8 किलोमीटर लंबी इस एलिवेटेड रोड की लेन यातायात के लिए बंद कर दी गई थी. ट्रैफिक पुलिस ने ड्राइवरों से इस रूट पर न जाने की अपील की है और उन्हें एलिवेटेड रोड के नीचे बने MP-2 मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा था. मरम्मत का काम पूरा होने और सड़क को पूरी तरह सुरक्षित माने जाने के बाद ही इस लेन को फिर से वाहनों के लिए खोला जाएगा. इतने दिन से बंद ये सड़क कब खुलेगी, इसका जवाब अब अधिकारियों के पास भी नहीं है.
अमेरिका के विशेषज्ञ टिम के साथ मजबूती का परीक्षण
इस सड़क की मरम्मत से पहले कुछ सैंपल आईआईटी रुड़की को भेजे गए हैं, जहां से रिपोर्ट आनी बाकी है. इसी रिपोर्ट का इंतजार नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को है, जिसके बाद काम शुरू किया जाएगा. त्योहारों के इस सीजन में रास्ते के बंद होने के कारण लोग जाम में फंसने को मजबूर हैं. आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, आईआईटी रुड़की की टीम ने सड़क की जांच के लिए आधुनिक अल्ट्रासोनिक गाइडेड वेव्स तकनीक का इस्तेमाल किया. इसके लिए अमेरिका से इस तकनीक के विशेषज्ञ टिम वाला को बुलाया गया था. उन्होंने आईआईटी की टीम के साथ मिलकर पूरे एलिवेटेड रोड की मजबूती का परीक्षण किया.
बिना कटिंग किए बगैर कंक्रीट की स्थिति का लगेगा पता
इस तकनीक की खासियत यह है कि सड़क की ऊपरी परत को हटाए बिना और किसी तरह की कटिंग किए बगैर कंक्रीट की स्थिति का पता लगाया जा सकता है. विशेष अल्ट्रासोनिक तरंगों के जरिए संरचना के अंदर मौजूद दरारों और कमजोर हिस्सों की पहचान की गई. प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, इस परीक्षण में सिर्फ वही कंक्रीट पैनल कमजोर मिला, जहां बार-बार गड्ढा बन रहा था.
गड्ढे वाले हिस्से का आभासी परीक्षण
जांच के दौरान आईआईटी रुड़की की टीम ने गड्ढे वाले हिस्से का आभासी परीक्षण भी किया. इसके जरिए मरम्मत के अलग-अलग विकल्पों पर विचार किया गया है. कोशिश की जा रही है कि इस काम में कम से कम तोड़फोड़ करनी पड़े और एलिवेटेड रोड को जल्द से जल्द दोबारा शुरू किया जा सके. प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार तक जांच रिपोर्ट आने की उम्मीद है. इसके बाद नीचे से शटरिंग लगाकर गड्ढे वाले हिस्से और उसके आसपास के क्षेत्र की मरम्मत कराई जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
पहली बार 18 अक्टूबर को हुआ था गड्ढा
दरअसल, एलिवेटेड रोड की सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन में पहली बार 18 अक्टूबर को गड्ढा हुआ था. नोएडा प्राधिकरण ने तत्काल इसकी मरम्मत कराई, लेकिन 20 अक्टूबर को उसी जगह फिर से गड्ढा बन गया. इसके बाद 21 अक्टूबर से इस लेन पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया. तब से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि गड्ढा सड़क की सबसे ऊपर वाली बिटुमिन की परत में नहीं, बल्कि उसके नीचे लगे कंक्रीट पैनल में बना था. संबंधित पैनल करीब 11 मीटर लंबा और 2.5 मीटर चौड़ा है. एलिवेटेड रोड के निर्माण के समय इन पैनलों को निर्माण स्थल से अलग एक कास्टिंग यार्ड में तैयार किया गया था. बाद में इन्हें मौके पर लाकर लगाया गया था.
