दादी अम्मा के देसी तरीके से तैयार करें आंवला अचार, सालभर खराब नहीं होगा

छतरपुर. मध्य प्रदेश में ठंड का मौसम शुरू हो गया है, जिसके चलते ज्यादातर घरों में आंवला के अचार रखे जा रहे हैं. छतरपुर जिले की रहने वाली शारदा अम्मा सालों से आंवला अचार बना रही हैं. इनके अचार की खासियत है कि इनका बनाया हुआ आंवला अचार सालों-साल खराब नहीं होता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.

60 वर्षीय शारदा लोकल 18 से बातचीत में कहा कि हम तो 10 साल की उम्र से आंवला अचार बना रहे हैं. इसे परंपरागत तरीके से ही बनाते आ रहे हैं. हमारी अम्मा भी ऐसे ही बनाती थीं. उन्हें से हमने भी सीखा था. हमारे यहां जो आंवला अचार बनाया जाता है, वह बिल्कुल देसी तरीके से बनाया जाता है.

दो तरीके से बनता है आंवला अचार
उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम आंवला अचार सबसे ज्यादा खाया जाता है. यह अचार दो तरीके से बनाया जाता है. पहले तरीके में आंवले को धोया जाता है. इसके बाद अमकटना से काटा जाता है. फिर धूप में सुखाया जाता है ताकि आंवले का कड़वापन चला जाए. वहीं दूसरे तरीके में आंवला को उबाल लिया जाता है. इसके बाद इसे काटा जाता है. अगर एक सप्ताह तक ही आंवला अचार खाना है, तो उबले आंवले से अचार रख सकते हैं. वहीं महीनों-सालों तक आंवला अचार खाना है, तो कच्चे आंवला का अचार रखा जाता है.

अचार बनाने के लिए जरूरी सामग्री
एक किलो आंवला, 250 ग्राम सरसों का तेल, 50 ग्राम राई, 10 ग्राम मेथी दाना, पांच ग्राम लाल मिर्च पाउडर, दो ग्राम हल्दी पाउडर, एक ग्राम अमचूर पाउडर और नमक स्वादानुसार ही लें.

ऐसे तैयार करें अचार का मसाला
उन्होंने आगे कहा कि आंवला अचार के मसाले में मेथी दाना, राई, हल्दी, नमक और मिर्च को एक साथ पीस लें. मसाले में इन सभी चीजों की मात्रा स्वादानुसार ही रखें. ध्यान दें कि एक किलो आंवला अचार में डेढ़ पाव (लगभग 350 ग्राम) मसाला ही मिला सकते हैं.

सबसे बाद में मिलाएं सरसों तेल
मसाला तैयार करने के बाद इसे आंवले में अच्छी तरह से मिला लें. इसके बाद सरसों का तेल मिला लें. एक बार फिर से आंवले को सरसों के तेल से अच्छी तरह से मिला लें.

इस बर्तन में रखने से सालों-साल खराब नहीं होगा अचार
अम्मा ने कहा कि आंवला अचार दो साल तक खराब नहीं होता है लेकिन सबसे जरूरी होता है कि आप अचार किस बर्तन में रखते हैं. हम मिट्टी के बर्तन में अचार रखते हैं. मिट्टी के रखे बर्तन में आंवला अचार सालों-साल खराब नहीं होता है. आंवला अचार में नमक और तेल की मात्रा भी ज्यादा रखें, इससे आंवला जल्दी खराब नहीं होता है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *