Last Updated:
Eco-Friendly Packaging From Waste: अनबबल स्टार्टअप ने मक्के के भुट्टे और कृषि कचरे से पर्यावरण के अनुकूल पैकेजिंग मटीरियल तैयार किया है. यह प्लास्टिक और थर्माकोल का बेहतरीन विकल्प है जो पानी में घुल जाता है. कंपनी के संस्थापक आदेश गिसारे से जानते हैं, उन्हें यह आइडिया कैसे आया.
दिल्ली. आज के समय में अमेज़न, फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स वेबसाइट से ऑनलाइन सामान मंगाना आम बात हो गई है. सामान की डिलीवरी होने के बाद लोग अक्सर उसकी पैकेजिंग को खोलकर फेंक देते हैं. इस पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक, थर्माकोल और दूसरे मटीरियल लंबे समय तक पर्यावरण में बने रहते हैं. यही कचरा आगे चलकर प्रदूषण और माइक्रोप्लास्टिक की समस्या बढ़ाता है. इसी समस्या को देखते हुए अनबबल नाम के स्टार्टअप ने पैकेजिंग का एक नया विकल्प तैयार किया है.
मक्के के भुट्टे और खेती के कचरे से बन रही पैकेजिंग
स्टार्टअप के संस्थापक आदेश गिसारे के मुताबिक, उनकी कंपनी खेती से निकलने वाले कचरे और खासतौर पर मक्के के भुट्टे का इस्तेमाल करके पैकेजिंग मटीरियल तैयार कर रही है. आमतौर पर जिस मटीरियल को खाने के बाद बेकार समझकर फेंक दिया जाता है, उसी का इस्तेमाल अब सामान की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है. कंपनी के मुताबिक, यह मटीरियल प्लास्टिक और थर्माकोल का विकल्प बन सकता है. थर्माकोल जहां पेट्रोकेमिकल आधारित होता है और पर्यावरण में माइक्रोप्लास्टिक की समस्या पैदा कर सकता है, वहीं अनबबल का दावा है कि उसके प्रोडक्ट में प्लास्टिक और PFAS का इस्तेमाल नहीं किया जाता.
दो तरह के प्रोडक्ट तैयार कर रही कंपनी
अनबबल फिलहाल दो तरह के पैकेजिंग प्रोडक्ट पर काम कर रही है. पहला है बायोडिग्रेडेबल पैकेजिंग फिलर. इसका इस्तेमाल ऑनलाइन सामान की पैकिंग के दौरान खाली जगह भरने और प्रोडक्ट को सुरक्षित रखने के लिए किया जाता है. यह अलग-अलग रंग, आकार और डिजाइन में उपलब्ध है. दूसरा प्रोडक्ट अनबबल फोम है. यह उसी मटीरियल से तैयार की गई शीट और कस्टमाइज्ड फॉर्म वाली पैकेजिंग है. इसका इस्तेमाल कॉस्मेटिक्स, हैंडीक्राफ्ट और गिफ्टिंग जैसे प्रोडक्ट की पैकिंग में किया जा सकता है. इससे नाजुक सामान को ट्रांसपोर्ट के दौरान सुरक्षित रखने में मदद मिलती है.
पानी में घुल जाता है पैकेजिंग मटीरियल
इस पैकेजिंग की सबसे खास बात इसकी बायोडिग्रेडेबल प्रकृति है. आदेश के मुताबिक, पैकेजिंग फिलर को इस्तेमाल करने के बाद पानी में डालने पर यह पूरी तरह घुल जाता है. इसके बाद बचे हुए घोल को पौधों में डालने का विकल्प भी बताया गया है. वहीं, कंपनी का दावा है कि उसका फोम भी पानी में घुलनशील है और करीब एक सप्ताह के भीतर बायोडिग्रेडेबल हो जाता है.
एक सलाह से शुरू हुआ सफर
आदेश बताते हैं कि इस स्टार्टअप की शुरुआत एक व्यक्तिगत अनुभव से हुई. कुछ साल पहले गुरुग्राम-मानेसर में उनकी टीम मंदिरों से निकलने वाले कचरे को इकट्ठा करके उससे सस्टेनेबल प्रोडक्ट तैयार करती थी और उन्हें बेचती थी. इसी दौरान एक ग्राहक ने उनसे सवाल किया कि जब कंपनी टिकाऊ प्रोडक्ट बना रही है, तो उसकी पैकेजिंग में गैर-टिकाऊ मटीरियल का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है. इस सवाल ने टीम को सोचने पर मजबूर कर दिया. इसके बाद उन्होंने बाजार में ऐसे पैकेजिंग मटीरियल की तलाश शुरू की, जो सामान को सुरक्षित रखने के साथ पर्यावरण को भी नुकसान न पहुंचाए. जब उन्हें ऐसा कोई बेहतर विकल्प नहीं मिला, तो उन्होंने खुद इस दिशा में काम शुरू किया.
IIT दिल्ली की मदद से किए करीब 2000 प्रयोग
आदेश के मुताबिक, इस प्रोडक्ट को तैयार करना आसान नहीं था. टीम ने IIT दिल्ली की मदद से करीब 2000 प्रयोग किए, जिसके बाद पैकेजिंग मटीरियल को तैयार करने में सफलता मिली. फरवरी 2026 में कंपनी ने अपने प्रोडक्ट को लॉन्च किया और अब यह बाजार में काम कर रही है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
