Last Updated:
Ghaziabad News: गाजियाबाद में बारिश के बाद बढ़ी ठंडक का असर बच्चों की सेहत पर दिख रहा है. अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण के मामले बढ़े हैं. बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन उपाध्याय ने बताया कि बदलते मौसम में बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर होने से वे जल्दी बीमार हो रहे हैं. उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को गर्म कपड़े पहनाने, ठंडी चीजों से दूर रखने और पौष्टिक आहार देने की सलाह दी है, ताकि संक्रमण से बचाव हो सके.
गाजियाबाद में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है. तापमान में आई इस गिरावट का असर अब बच्चों की सेहत पर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. बदलते मौसम के कारण बच्चों में गले में खराश, नाक बहना और कमजोरी जैसी समस्याएं आम हो गई हैं.
जिला सरकारी अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन उपाध्याय ने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम ने अचानक करवट ली है. तापमान में गिरावट आने से छोटे बच्चों में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं सामने आ रही हैं. उन्होंने बताया कि इस समय अस्पतालों में सर्दी-जुकाम, बुखार और दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है खासकर छोटे बच्चों में.
डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों की इम्यूनिटी वयस्कों की तुलना में कमजोर होती है. इसलिए वे जल्दी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं. छोटे बच्चे अक्सर साफ-सफाई का ठीक से ध्यान नहीं रखते. जैसे खाना खाने से पहले हाथ न धोना या बाहर खेलने के बाद हाथ-पैर साफ न करना. जिससे बीमारियों का खतरा और बढ़ जाता है. यही वजह है कि इन दिनों बच्चों में वायरल इंफेक्शन और दस्त की शिकायतें ज्यादा सामने आ रही हैं. इसके अलावा बारिश के बाद नमी और ठंडी हवाओं के कारण बैक्टीरिया और वायरस तेजी से फैलते हैं. आने वाले दिनों में मच्छरों की संख्या भी बढ़ सकती है जिससे डेंगू और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है. ऐसे में अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.
डॉ. उपाध्याय ने सलाह दी है कि बच्चों को बदलते मौसम में गर्म कपड़े पहनाना चाहिए खासकर सुबह और शाम के समय. बच्चों को ठंडी चीजों से दूर रखना चाहिए और बाहर खेलने जाते समय पूरे बाजू के कपड़े पहनाकर ही भेजना चाहिए, ताकि ठंड और मच्छरों दोनों से बचाव हो सके. इसके साथ ही बच्चों के खान-पान पर भी ध्यान देना बेहद जरूरी है. उन्हें हरी सब्जियां, ताजे फल और पौष्टिक आहार देना चाहिए जिससे उनकी इम्यूनिटी मजबूत बनी रहे. पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है ताकि शरीर हाइड्रेट रहे और संक्रमण से लड़ने में मदद मिल सके. अगर बच्चों में लगातार बुखार, खांसी या कमजोरी के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. थोड़ी सी सावधानी और सही देखभाल से इस मौसम में बच्चों को बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें
