Ground report: दिल्ली चुनाव में एक शख्स ने खोल दी विधायकों की पोल, कहा- 1 छोटे से काम के लिए 100 बार दौड़ाया

Last Updated:

Delhi Chunav 2025: देश की राजधानी दिल्ली में होने वाले विधान सभा चुनाव से पहले ही हलचल देखने को मिल रही है. यहां जनता के कई मुद्दे हैं. ऐसे में जानें मटिया महल विधानसभा के लोगों ने चुनाव को लेकर क्या-क्या कहा.

दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सभी पार्टियों ने अपना पूरा जोर लगा दिया है. ऐसे में यहां कई सीटों की खूब चर्चा हो रही है. इसमें पुरानी दिल्ली की सबसे पुरानी और चर्चित सीट मटिया महल भी शामिल है, जो कि यहां के मशहूर बाजार मटिया महल के नाम पर है.

लोकल 18 की टीम ने इस विधानसभा सीट के बारे में यहां के लोगों से जानने की कोशिश की तो तभी इस विधानसभा में कई सालों से रह रहे रहीसुद्दीन ने सब कुछ बता दिया. उन्होंने कहा कि मटिया महल इलाके के कई मुद्दे हैं, जिन पर काम होना चाहिए, लेकिन यहां पर जब भी चुनाव होते हैं तो यहां पर विधायक आकर चिकनी-चुपड़ी बातें करते हैं. चुनाव बाद यहां पर कोई भी नज़र नहीं आता है.

विधायक ने लगवाए 100 बार चक्कर

उन्होंने अपने साथ घटी एक घटना का उदाहरण देते हुए बताया कि 10 से 15 साल पहले उन्होंने यहां के विधायक को अपने बच्चे का स्कूल में एडमिशन करवाने को कहा था. जिसके लिए विधायक ने उन्हें कम से कम 100 चक्कर लगवाए, लेकिन उनका काम नहीं हुआ और फिर अंत में उन्होंने पैसे देकर ही वह काम करवाया.

जानें मटिया महल ट्रेडर एसोसिएशन ने क्या कहा

मटिया महल ट्रेडर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट हाजी सलीमुद्दीन ने कहा कि यहां पर सीधे आमने-सामने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी है. यहां उन्हीं के बीच इस सीट में टक्कर है. वहीं, उनका यह भी कहना था कि इस बार वोट उसी को मिलेगा जो मटिया महल विधान सभा के कई बड़े मुद्दों को हल करेगा. उदाहरण के तौर पर उन्होंने बताया कि पहला बड़ा मसला मटिया महल विधानसभा की गलियां और सड़कों को बड़ा करना और दूसरा बड़ा मसला यहां पर बिजली की पुराने तारों को बदलवाना है. जिसके कारण यहां पर हमेशा आग लगने का डर बना रहता है.

चांदनी चौक के तर्ज पर बने मटिया महल

मटिया महल बाजार के कई पुराने दुकानदारों जैसे कि इस्लामुद्दीन और कुरैशी का कहना था कि इस बार उनकी सबसे बड़ी मांग है कि मटिया महल को चांदनी चौक के तर्ज पर बनाया जाए. जिससे इस विधानसभा का सबसे बड़ा मसला हल हो जाएगा. यहां पर हमेशा ट्रैफिक जाम लगा रहता है. वहीं, यहां के कुछ और दुकानदारों ने कहा कि एमसीडी यहां पर छोटी सड़कों पर पार्किंग की सुविधा दे रही है, जिसके कारण यहां पर गाड़ी चलाना और लोगों का चलना भी मुश्किल हो गया है. यह भी इस चुनाव का एक बड़ा मुद्दा रहेगा.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *