Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा है. टीम के जीत का खाता नहीं खुल पाया लेकिन कप्तान अजिंक्य रहाणे पर जुर्माना जरूर लग गया. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में उनको धीमी ओवर गति के लिए दोषी पाया गया.
अजिंक्य रहाणे पर लगा स्लो ओवर रेट का जुर्माना
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का खेल बेहद निराशाजनक रहा है. टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर बीसीसीआई ने चौथी हार के बाद एक्शन लिया है. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में तय समय में कोलकाता की टीम अपने ओवर का कोटा पूरा नहीं कर पाई. इसी वजह से रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान उनको धीमी ओवर गति के लिए दोषी पाया गया.
तीन बार की आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स पर आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 का उल्लंघन करने का आरोप लगा. यह कप्तान रहाणे के नेतृत्व में टीम का इस सीजन का पहला अपराध था, इसलिए कप्तान पर आर्थिक जुर्माना लगाया गया. कोलकाता नाइट राइडर्स इस सीजन में धीमी ओवर गति के लिए दंडित होने वाली चौथी टीम बन गई है. पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को पहले ही दो बार इसी अपराध के लिए जुर्माना लग चुका है, जबकि गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल और मुंबई इंडियंस के हार्दिक पंड्या पर एक-एक बार कार्रवाई हुई है.
इससे पहले तीसरी बार अपराध करने पर अय्यर को एक मैच का बैन झेलना पड़ता था, लेकिन संशोधित आईपीएल आचार संहिता में यह नियम हटा दिया गया है. इन चार कप्तानों के अलावा, सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उनके व्यवहार के लिए मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना और एक डिमेरिट प्वाइंट लगाया गया. आईपीएल ने इस घटना का विस्तार से जिक्र नहीं किया, लेकिन माना जा रहा है कि अभिषेक ने वरुण चक्रवर्ती के विवादित कैच के बाद असंतोष जताया था. जिससे उन्हें आउट करार दिया गया.
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम चेन्नई के खिलाफ मिली हार के बाद अंक तालिका में सबसे नीचे चली गई है. मंगलवार को चेन्नई की मुश्किल पिच पर उन्हें 32 रन से हर का सामना करना पड़ा. इस हार ने मुख्य कोच अभिषेक नायर की योजना और रहाणे की पुरानी सोच को उजागर कर दिया. दोहरी गति वाली पिच पर सीएसके ने पावरप्ले में 72 रन बनाकर कुल 192/5 का स्कोर खड़ा किया, जो औसत से करीब 20 रन कम था, लेकिन यह केकेआर को 20 ओवर में 160/7 पर रोकने के लिए काफी साबित हुआ.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें
