Last Updated:
राघव चड्ढा ने कहा कि पार्टी की नाराज़ नेता स्वाति मालीवाल और हरभजन सिंह सहित कई अन्य राज्यसभा सांसदों ने भी ‘आप’ छोड़ दी है. राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने दावा किया कि ‘आप’ के 10 में से 7 राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़ दी है.
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने ‘आप’ से इस्तीफा दे दिया. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य राघव चड्डा और संदीप पाठक ने शुक्रवार को ऐलान किया कि वे और पार्टी के पांच अन्य राज्यसभा सदस्य भाजपा में शामिल हो रहे हैं. यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के 10 में से सात सदस्यों का भाजपा में विलय होने वाला है.
चड्ढा ने कहा, “संविधान के अनुसार किसी पार्टी के कुल सांसदों में से दो-तिहाई सांसदों का दूसरी पार्टी में विलय हो सकता है.” उन्होंने पत्रकारों से कहा, “हमने इस संबंध में आज राज्यसभा सभापति सी पी राधाकृष्णन को एक पत्र सौंपा है… सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कर रहे हैं.”
चड्ढा ने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले अन्य ‘आप’ राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी, स्वाति मालीवाल और अशोक मित्तल हैं. संवाददाता सम्मेलन में चड्ढा के साथ आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद थे.
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए चड्ढा ने कहा कि पार्टी अब देश के लिए नहीं, बल्कि अपने ही फायदे के लिए काम कर रही है. चड्ढा ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में, मुझे यह महसूस होने लगा है कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं. आज, मैं आप से अलग होने और जनता के साथ अधिक निकटता से काम करने के अपने निर्णय की घोषणा करता हूं.”
इस दौरान राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होगी, लेकिन ऐसा हो गया है. पाठक ने कहा, “मैं दस साल तक इस पार्टी से जुड़ा रहा. और आज मैं आम आदमी पार्टी से अलग हो रहा हूं.” पंद्रह अप्रैल को, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फेमा जांच के तहत पंजाब में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल से जुड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की थी.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
