Last Updated:
दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ओएलएक्स जैसी ऑनलाइन साइट्स पर आईफोन बेचने वालों को निशाना बनाता था. पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जाल बिछाकर दो आरोपियों मोहम्मद सय्यद मेहरान शाह और मुआज खान को गिरफ्तार किया. इनके पास से 13 महंगे आईफोन बरामद हुए हैं. आरोपी खरीदार बनकर लोगों को बुलाते थे और माइंडगेम खेलकर फोन लेकर फरार हो जाते थे.
दिल्ली पुलिस ने आईफोन की ठगी करने वाले गिरोह को अरेस्ट किया है.
Crime News: अगर आप भी अपना पुराना या नया आईफोन बेचने के लिए ओएलएक्स जैसी ऑनलाइन साइट्स का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके होश उड़ा देगी. दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे बेहद शातिर और खूंखार ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर महंगे फोन बेचने वालों को अपना निशाना बनाता था. पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर फिल्मी अंदाज में जाल बिछाकर दो शातिर ठगों को दबोचा है, जिनके पास से 13 चमचमाते और महंगे आईफोन बरामद हुए हैं.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद सय्यद मेहरान शाह और मुआज खान के रूप में हुई है. ये दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रामपुर के रहने वाले हैं. यह गिरोह काफी समय से दिल्ली-एनसीआर में एक्टिव था और इनका शिकार केवल वही लोग बनते थे, जो एप्पल के महंगे फोन ऑनलाइन बेचने की कोशिश कर रहे होते थे. पुलिस के अनुसार, इस मामले का खुलासा अभिषेक डागर नाम के एक युवक की शिकायत के बाद हुआ. अभिषेक ने राजौरी गार्डन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.
उसने पुलिस को बताया कि अभिषेक ने अपना आईफोन बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन डाला था. इन ठगों ने खरीदार बनकर उससे संपर्क किया और डील पक्की करने के बहाने उसे राजौरी गार्डन बुलाया.
वहां दोनों आरोपियों ने अभिषेक को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में ऐसा उलझाया कि पलक झपकते ही उसका कीमती फोन लेकर रफूचक्कर हो गए.
सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से पकड़े गए आरोपी
वारदात के बाद हरकत में आई राजौरी गार्डन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जांच शुरू की. एसएचओ रविंदर जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के पास मौजूद होटलों और रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला. टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी दिल्ली से भागने की फिराक में हैं. पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सोहना के पास घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को दबोच लिया.
माइंडगेम खेलकर उड़ाते थे फोन
आरोपी बेहद प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम देते थे. वे पीड़ित से फोन का ओरिजिनल बिल, बॉक्स लाने और फोन को रीसेट करने के लिए कहते थे ताकि पीड़ित को शक न हो. इसके बाद एक आरोपी फोन चेक करने के बहाने उसे लेकर भाग निकलता था, जबकि दूसरा आरोपी ‘ऑनलाइन पेमेंट’ फेल होने या प्रोसेस होने का नाटक कर पीड़ित को मौके पर रोके रखता था.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ये दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी चोरी, लूट और ठगी के कई मामलों में शामिल रहे हैं. फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने अब तक कितने मासूम लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डाला है. इस कामयाबी के बाद पुलिस ने आम जनता को आगाह किया है कि ऑनलाइन डील करते वक्त किसी भी अनजान शख्स पर भरोसा न करें.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें
