गाजियाबाद: शहर में मेट्रो विस्तार की योजना ने रफ्तार पकड़ ली है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने तीन प्रस्तावित रूटों की प्राइमरी डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) को सौंप दिया है, जिसे आगे शासन को भेजा गया है. माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं पर करीब 4800 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
प्रस्तावित रूटों में नोएडा सेक्टर-62 इलेक्ट्रॉनिक सिटी से साहिबाबाद नमो भारत स्टेशन तक करीब 5.1 किलोमीटर, वैशाली से मोहननगर होते हुए गोकुलपुरी तक करीब 16 किलोमीटर और शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से पुराने गाजियाबाद रेलवे स्टेशन तक लगभग 3 किलोमीटर का विस्तार शामिल है.
नोएडा सेक्टर 62 साहिबाबाद के बीच बनेंगे पांच स्टेशन
डीपीआर के अनुसार, नोएडा सेक्टर-62 से साहिबाबाद के बीच पांच नए स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें वसुंधरा, डीपीएस इंदिरापुरम, शक्तिखंड, वैभवखंड और साहिबाबाद शामिल हैं. इस रूट के बनने से नोएडा से आने वाले यात्रियों को साहिबाबाद में नमो भारत ट्रेन पकड़ने में सुविधा मिलेगी, जिससे गाजियाबाद और मेरठ की यात्रा आसान होगी. इंदिरापुरम के पार्षद संजय सिंह ने कहा कि इस रूट के बनने से लाखों लोगों को नोएडा और मेरठ जाना आसान हो जाएगा.
हिंडन एयरपोर्ट तक पहुंच होगी आसान
वहीं, वैशाली से मोहननगर के बीच प्रस्तावित रूट को आगे बढ़ाकर गोकुलपुरी तक ले जाने की योजना है. इस रूट की कुल लंबाई करीब 16 किलोमीटर होगी. इसके बनने से हिंडन एयरपोर्ट तक पहुंच आसान होगी और दिल्ली से आने-जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा.
पुराने गाजियाबाद रेलवे स्टेशन तक मेट्रो विस्तार की योजना
इसके अलावा, शहीद स्थल से पुराने गाजियाबाद रेलवे स्टेशन तक मेट्रो विस्तार की योजना भी तैयार की गई है. इस रूट के शुरू होने के बाद रेड लाइन मेट्रो सीधे गाजियाबाद रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेगी. इससे नमो भारत ट्रेन से आने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी.
गोकुलपुरी से वैशाली के बीच प्रस्तावित स्टेशनों में गोकुलपुरी, गगन विहार, पसौंडा, हिंडन एयरपोर्ट, मोहननगर, साहिबाबाद और वैशाली शामिल हैं.
निजी वाहनों का दबाव कम होगा
फिलहाल, इसे लेकर संजय सिंह का कहना है कि इन रूटों के विकसित होने से ट्रांस हिंडन एरिया (THA) में निजी वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
