Last Updated:
Ghaziabad Viral Video: गाजियाबाद में सावन के महीने में चिकन ले जाने को लेकर एक मुस्लिम व्यक्ति के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हिंदू रक्षा दल के सदस्यों ने गाजीपुर मंडी से चिकन लेकर आ रहे एक मुस्लिम बुजुर्ग को बीच सड़क पर रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज व हाथापाई की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग उस व्यक्ति को पीटते और उसका सामान फेंकते नजर आ रहे हैं. इस घटना में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि आरोप है कि पुलिस ने उल्टा उसी व्यक्ति को हिरासत में ले लिया.
मंडी से कटा हुआ चिकन ले जाने पर बुजुर्ग शख्स की पिटाई.
गाजियाबाद में सावन महीने में चिकन की ढुलाई पर बवाल मच गया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो शख्स एक बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति को पीटते हुए नजर आ रहे हैं. वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि नंदग्राम थाना क्षेत्र के सिहानी इलाके में हिंदू रक्षा दल प्रिंस ठाकुर ने चिकन लेकर जा रहे एक मुस्लिम व्यक्ति को रोक लिया और बुजुर्ग के साथ सरेआम मारपीट की. मौके पर जब पुलिस पहुंची, तो बुजुर्ग को ही हिरासत में लेकर गई और बुजुर्ग को पीटने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे ही अपने बाइक पर बैठा कर ले गई.
मिली जानकारी के मुताबिक, 7 अगस्त को एक व्यक्ति दिल्ली की गाजीपुर मंडी से चिकन लेकर गाजियाबाद आ रहा था. तभी सिहानी इलाके में हिंदू रक्षा दल के नेता प्रिंस ठाकुर और उनके साथियों ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि सावन के महीने में चिकन ले जाने का विरोध करते हुए इन लोगों ने उस व्यक्ति के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उसके साथ हाथापाई भी की. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक बुजुर्ग व्यक्ति को जमीन पर गिराकर पीट रहे हैं.
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
इस घटना ने तूल तब पकड़ लिया जब सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यशैली की आलोचना होने लगी. कई यूजर्स ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है. दावा किया जा रहा है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों पर कार्रवाई करने के बजाय, उस मुस्लिम व्यक्ति को ही हिरासत में ले लिया जो चिकन लेकर जा रहा था. आरोप है कि हमलावरों ने उसका चिकन भी फेंक दिया था. पुलिस के मुताबिक, उन्होंने हिरासत में लिए गए व्यक्ति की बाइक का चालान काटा और फिर उसे छोड़ दिया.
क्या पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच?
इस पूरे ड्रामे के बाद, सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. लोग सवाल पूछ रहे हैं कि क्या पुलिस केवल एक विशेष वर्ग के लिए काम करती है. हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस घटना के संबंध में किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. फिर भी, वे वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
