Last Updated:
अपना दल (एस) को टक्कर देने के लिए मिर्ज़ापुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी ने राजेंद्र एस बिंद को प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है. मूल रुप से भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के जगतपुर के निवासी राजेंद्र एस. बिंद मुंबई में उद्योगपति हैं.
मंगला तिवारी/मिर्जापुर: जैसे-जैसे लोकसभा चुनावों की तारीख नजदीक आ रही है. वैसे-वैसे अलग-अलग राजनीतिक दलों का प्रचार-प्रसार का सिलसिला भी काफी तेज होता जा रहा है. हर उम्मीदवार अपने-अपने तरीके से मतदाताओं के बीच पहुंच रहा है. जहां कोई उम्मीदवार गले में जूतों की माला पहनकर वोट मांग रहा है तो कोई तपती धूप में खेतों गेहूं काटने पहुंच जा रहा है. इसी कड़ी में मिर्जापुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राजेंद्र एस बिंद भी इन दिनों खूब प्रचार कर रहे हैं. इस बीच उनका गेहूं काटने का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बताया जा रहा है कि सपा प्रत्याशी राजेंद्र बिंद मझवां विधान सभा क्षेत्र में प्रचार के लिए जा रहे थे. इसी दौरान तेज धूप में कुछ किसान खेतों में गेंहू की कटाई कर रहे थे. गेहूं काटते युवकों को देख सपा प्रत्याशी राजेंद्र बिंद ने अपनी कार रुकवाई और पहुंच गए खेत में. वहां ग्रामीणों से दराती लेकर गेहूं काटने लगे. वहीं किसान भी अचानक अपने बीच सपा प्रत्याशी को देखकर हैरान रह गए. राजेंद्र बिंद ने इस दौरान हाथों में फसल काटने वाला हंसिया लेकर गेहूं काटा और खूब फोटो भी खिंचवाया.
मुंबई के उद्योगपति हैं है राजेंद्र बिंद
अपना दल (एस) को टक्कर देने के लिए मिर्ज़ापुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी ने राजेंद्र एस बिंद को प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है. मूल रुप से भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के जगतपुर के निवासी राजेंद्र बिंद मुंबई के उद्योगपति हैं. गौरतलब हो कि सपा ने 2019 लोकसभा चुनाव में भी राजेंद्र एस. बिंद को प्रत्याशी बनाया गया था, लेकिन बाद में उनका टिकट काटकर रामचरित निषाद को टिकट दिया गया था.
