चाइनीज मांझा बना जानलेवा, 5 साल के मासूम की दर्दनाक मौत

Last Updated:

दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में चाइनीज मांझे से मोटरसाइकिल पर जा रहे 5 साल के बच्चे की मौत, पुलिस ने BNS की धारा 106 और 223 के तहत केस दर्ज किया.

फाइल तस्वीर.

राजधानी दिल्ली में चाइनीज मांझे का खतरनाक कहर एक बार फिर सामने आया है. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में मांझे की चपेट में आने से 5 साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा अपनी मां और चाचा के साथ मोटर साइकिल पर जा रहा था. दिल्ली पुलिस के मुताबिक तीन मई 2026 को पुलिस स्टेशन न्यू उस्मानपुर को जेपीसी अस्पताल से एक घायल बच्चे के भर्ती होने की सूचना मिली थी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को मांझे से गंभीर चोटें आई हैं.

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चा अपनी मां और चाचा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर न्यू उस्मानपुर स्थित एक सीएनजी पंप की ओर जा रहा था. इसी दौरान अचानक ऊपर से लटका हुआ चाइनीज मांझा उनके रास्ते में आ गया. तेज और धारदार मांझे की डोरी बच्चे के शरीर से टकराई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है.

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 और 223 के तहत केस दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा इलाके में कैसे पहुंचा और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.

गौरतलब है कि चाइनीज मांझा पहले भी कई जानलेवा हादसों का कारण बन चुका है. यह मांझा बेहद तेज और मजबूत होता है, जो इंसानों के साथ-साथ पक्षियों के लिए भी घातक साबित होता है. प्रशासन द्वारा इस पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद इसका अवैध इस्तेमाल जारी है.

About the Author

संतोष कुमार

न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *