JNU MBA Admission: देश की प्रतिष्ठित सेंट्रल यूनिवर्सिटी जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (Jawaharlal Nehru University)ने MBA 2026–28 बैच के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है. जो छात्र मैनेजमेंट की पढ़ाई करना चाहते हैं और CAT परीक्षा दे चुके हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन अवसर है. इस MBA प्रोग्राम में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की आखिरी तारीख 15 मई 2026 तय की गई है.JNU का MBA कोर्स अटल बिहार वाजपेयी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप (Atal Bihari Vajpayee School of Management and Entrepreneurship, ABVSME) के तहत संचालित किया जाता है जहां मैनेजमेंट की पढ़ाई को इंडस्ट्री और उद्यमिता से सीधे जोड़ा गया है.
अब तक पांच बैच हो चुके हैं पासआउट
JNU में MBA प्रोग्राम की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी.तब से अब तक इसके पांच बैच सफलतापूर्वक पासआउट हो चुके हैं. इन बैचों के पूर्व छात्र देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों में काम कर रहे हैं.
सिर्फ क्लासरूम नहीं, प्रैक्टिकल
JNU का MBA प्रोग्राम केवल किताबों और थ्योरी तक सीमित नहीं है. यहां पढ़ाई को पूरी तरह अनुभवात्मक शिक्षण (Experiential Learning)पर आधारित रखा गया है.छात्रों को रियल लाइफ केस स्टडी, प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स, इंडस्ट्री विजिट, वर्कशॉप, सिमुलेशन और लाइव इंडस्ट्री एक्सपोजर दिया जाता है. इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स और मैनेजमेंट के अनुभवी प्रोफेसर्स से सीधी बातचीत का मौका मिलता है जिससे छात्रों को कॉर्पोरेट दुनिया की वास्तविक समझ विकसित होती है.राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप यहां हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग को प्राथमिकता दी जा रही है. भारतीय परिस्थितियों के अनुसार तैयार की गई इंडियन इंडस्ट्री केस स्टडी, फैक्ट्री और प्लांट विजिट तथा उद्योग जगत के विशेषज्ञों के व्याख्यान नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं.
स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप पर फोकस
JNU न केवल मैनेजमेंट एजुकेशन बल्कि उद्यमिता और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है. इसी उद्देश्य से ABVSME और अटल इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना की गई है.यह संस्थान स्वावलंबी भारत अभियान के तहत उभरते स्टार्टअप्स को गति देने के लिए एक नोडल सेंटर के रूप में उभर रहा है. MBA छात्रों की 360 डिग्री ग्रूमिंग के लिए समय-समय पर कई ट्रेनिंग प्रोग्राम, वर्कशॉप और लीडरशिप सेशन आयोजित किए जाते हैं ताकि छात्र जिम्मेदार लीडर बन सकें और समाज व उद्योग में मापने योग्य प्रभाव पैदा कर सकें.
MBA 2026-28 के लिए आवेदन प्रक्रिया
JNU MBA एडमिशन 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है. इच्छुक उम्मीदवारों को पहले JNU की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद मिले एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉग-इन करके पूरा आवेदन फॉर्म भरना होगा और उसे सबमिट करना होगा.ध्यान रखने वाली बात यह है कि आवेदन प्रक्रिया तभी पूरी मानी जाएगी.जब फॉर्म के साथ निर्धारित आवेदन शुल्क भी ऑनलाइन जमा कर दिया जाए.
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
MBA एडमिशन के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार तय किया गया है.जनरल, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए शुल्क 2000 रुपये रखा गया है वहीं SC, ST और PwD (दिव्यांग) उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये है.
कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी होंगे
JNU MBA एडमिशन 2026 के लिए आवेदन करते समय उम्मीदवारों को कुछ जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी. इनमें पासपोर्ट साइज फोटो और सिग्नेचर, 10वीं की मार्कशीट, 12वीं की मार्कशीट, ग्रेजुएशन की मार्कशीट और CAT 2025 का स्कोरकार्ड शामिल है.विदेशी उम्मीदवारों के लिए GMAT स्कोर मान्य किया जाएगा.
सेलेक्शन प्रोसेस और वेटेज सिस्टम
JNU MBA 2026 में उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह मेरिट आधारित प्रक्रिया से किया जाएगा. चयन में CAT स्कोर को 70 प्रतिशत वेटेज,ग्रुप डिस्कशन को 10 प्रतिशत वेटेज और पर्सनल इंटरव्यू को 20 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा.इसका मतलब यह है कि यहां केवल CAT स्कोर ही नहीं, बल्कि उम्मीदवार की सोचने-समझने की क्षमता, कम्युनिकेशन स्किल और पर्सनैलिटी भी अहम भूमिका निभाएगी. ऐसे में अगर आपका भी MBA का सपना है तो 15 मई से पहले आवेदन कर दें.
