Last Updated:
दिल्ली और फरीदाबाद के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब इस रूट पर नई MEMU ट्रेन सर्विस शुरू की जाएगी. इस सेवा को रेल मंत्रालय ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुरोध पर मंजूरी दे दी है.
नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली और फरीदाबाद के बीच हर दिन सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए खुशखबरी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की विशेष पहल पर रेल मंत्रालय ने इस रूट के लिए नई MEMU ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है. मुख्यमंत्री ने इस फैसले के लिए नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है. उनका कहना है कि यह नई ट्रेन सेवा यात्रियों को तेज, सस्ती और सुविधाजनक सफर का बेहतर विकल्प देगी.
दिल्ली-फरीदाबाद के बीच हर दिन हजारों लोग नौकरी, पढ़ाई और व्यापार के लिए यात्रा करते हैं. अभी तक यात्रियों को भीड़, देरी और ट्रैफिक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. नई MEMU ट्रेन शुरू होने से इन परेशानियों में काफी कमी आने की उम्मीद है. इससे लोगों का समय भी बचेगा और सफर भी आसान हो जाएगा.
सड़क ट्रैफिक पर भी पड़ेगा असर
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार मिलकर एनसीआर की कनेक्टिविटी सुधारने पर काम कर रही है. इस नई रेल सेवा से सड़क पर वाहनों का दबाव भी कम होगा. इससे न सिर्फ यात्रा तेज होगी, बल्कि पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा क्योंकि लोग निजी वाहनों की बजाय ट्रेन को प्राथमिकता दे सकते हैं.
क्या होती है MEMU ट्रेन?
MEMU ट्रेन एक आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकल ट्रेन होती है, जो छोटे और मध्यम दूरी के रूट के लिए बनाई जाती है. इसमें अलग इंजन नहीं होता, बल्कि हर कोच में ही मोटर सिस्टम लगा होता है. यह ट्रेन लगभग 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है और बार-बार रुकने वाले रूट पर काफी उपयोगी होती है.
ट्रेन में मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं
नई रेल सेवा में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है। इसमें ये फीचर्स शामिल होंगे:
- सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे
- सफर की जानकारी के लिए GPS सिस्टम
- LED लाइटिंग और बायो-टॉयलेट
- ऊर्जा बचाने वाली आधुनिक तकनीक
जल्द जारी होगा समय और शेड्यूल
इस नई सेवा के शुरू होने से एनसीआर (NCR) की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। रेलवे विभाग जल्द ही इस ट्रेन के चलने का समय और तारीख घोषित करेगा, जिससे यात्रियों को अपने सफर की प्लानिंग करने में मदद मिलेगी.
About the Author
आज तक से टीवी पत्रकारिता शुरू करने वाली प्रियंका कांडपाल को अब तक तकरीबन 11 साल का अनुभव है. तकरीबन चार साल आज तक में रिपोर्टिंग के साथ एंकरिंग भी कर चुकी हैं. उसके बाद इंडिया टीवी में पांच साल तक काम किया. 201…और पढ़ें
