How to get rid of cockroaches: काफी लोगों के घरों में तिलचट्टे हो जाते हैं. रात में छोटे-बड़े तिलचट्टे पूरे किचन में आतंक मचा देते हैं. हर भोजन, किचन के डिब्बों, बर्तनों में ये घुसकर उन्हें दूषित करते हैं. आखिर क्यों हो जाते हैं घर में ये तिलचट्टे? कहां से आते हैं और इनके होने से सेहत को क्या हो सकते हैं नुकसान, ये भी जानना जरूरी है. तिलचट्टे कई बार किचन में गिरे खाने के कण, गंदे बर्तनों का देर तक सिंक में पड़े रहने, नालियों, सीलन वाली जगहें, डस्टबिन के खुले रहने, घर में कहीं भी कोई दरार, छेद आदि होने से ये धीरे-धीरे बढ़ जाते हैं. एक बार ये घर में घुस जाते हैं तो इनकी संख्या भी तेजी से बढ़ती है. इनसे छुटकारा पाने के लिए आप कुछ देसी तरीके ट्राई कर सकते हैं.
तिलचट्टों से क्या नुकसान होता है?
तिलचट्टों से सेहत को कई तरह के नुकसान हो सकते हैं, क्योंकि ये गंदगी और नालियों में घूमते हैं. फिर आपके किचन में पड़े खाने और बर्तनों पर जाकर बैक्टीरिया छोड़ सकते हैं. इससे एलर्जी, रेडनेस, खुजली, सांस की समस्या भी हो सकती है. तिलचट्टों के मल, पंख एलर्जी, अस्थमा की परेशानी को बढ़ा सकते हैं. ये भोजन को दूषित करते हैं. घर में बेहद खराब सी बदबू आती रहती है. ये बहुत तेजी से बढ़ते हैं, ऐसे में इन्हें शुरुआत में कंट्रोल ना किया जाए तो फिर बिना पेस्ट कंट्रोल को बुलाए इसे भगाना मुश्किल हो जाता है.
तिलचट्टे भगाने के आसान उपाय (Tilchatta bhagane ka gharelu upay)
– आपके किचन के साथ ही कमरों में भी तिलचट्टे घूमते नजर आ रहे हैं तो आप टमाटर का ये देसी ट्रिक आजमाकर देखिए. एक बड़ा सा टमाटर लें. उसे दो भागों में काट लें. बीच से बीज और गूदे को निकाल दें. अब एक कटोरी में आधा चम्मच बेकिंग सोडा और एक चम्मच चीनी डालकर मिक्स करें. इस मिश्रण को टमाटर में डालकर भर दें. अब इस टमाटर को उस जगह पर रख दें, जहां तिलचट्टे अधिक आते हैं. किचन के सिंक के नीचे, कैबिनेट, ड्रॉअर आदि में भी इसे रख दें. चीनी होने के कारण इसे कॉकरोच खाएंगे तो जरूर लेकिन सोडा के कारण वहीं ढेर हो जाएंगे.
-रात में कोशिश करें कि सिंक में बर्तन ना पड़े हों. जूठे बर्तनों को साफ करने का मन नहीं तो उसमें से बचे हुए भोजन के कणों को डस्टबिन में डाल दें और बर्तनों पर पानी डाल दें. किचन को सूखा रखें. डस्टबिन को हमेशा बंद करके रखें. साथ ही कूड़ेदान को हर दिन साफ जरूर करें.
– कुछ तेज पत्ते आप किचन के सिंक, अलमारी, ड्रॉअर में रख दें. इसकी स्मेल से तिलचट्टे दूर ही रहेंगे.
-पानी में नीम के तेल की 1-2 चम्मच मिक्स कर दें. इसे स्प्रे बॉटल में डालकर हर उस जगह पर छिड़क दें जहां आपको ये गंदे से कॉकरोच नजर आते हैं. यह एक नेचुरल रिपेलेंट की तरह असर करता है.
– आप किचन और बाथरूम में कपूर के टुकड़े हर जगह डाल दें. खासकर, रात के समय ये देसी ट्रिक आजमाएं. कपूर की गंध से ये दूर भाग जाएंगे.
-घर में जब भी पोछा लगाएं तो पोछे के पानी में सफेद सिरका और नींबू का रस डाल दें. इस पानी से हर दिन पोछा लगाने से कॉकरोच के साथ चींटियां भी दूर भाग जाएंगी. बैक्टीरिया भी मरेंगे और खुशबू भी अच्छी आएगी.
-बोरिक पाउडर को आप दरारों, छेद में डालें. ये काम तब करें जब बच्चे आपके आसपास न हों.
