Last Updated:
देशभर में बढ़ती महंगाई के बीच अब अमूल, मदर डेयरी समेत कई कंपनियों ने दूध की कीमतों में 2 से 3 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें 14 मई से लागू हो गई हैं. आम लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से घर का बजट बिगड़ रहा है और इसका सबसे ज्यादा असर मिडिल क्लास परिवारों पर पड़ रहा है.
देशभर में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की चिंता बढ़ा दी है. बीते दिनों गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद अब अमूल, मदर डेयरी समेत कई कंपनियों ने दूध के दामों में भी ₹2 से ₹3 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी कर दी है. नई कीमतें 14 मई से लागू हो गई हैं. आम लोगों और व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से घर का बजट बिगड़ रहा है और इसका सबसे ज्यादा असर मिडिल क्लास परिवारों पर पड़ रहा है.
दूध कंपनियां मनमाने तरीके से रेट बढ़ा देती हैं
गाजियाबाद निवासी नितिन गुप्ता ने बताया कि दूध के दाम पहली बार नहीं बढ़े हैं. पिछले कुछ समय में कई बार दूध की कीमतों में बढ़ोतरी हो चुकी है. उनका कहना है कि दूध कंपनियां मनमाने तरीके से रेट बढ़ा देती हैं जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ता है. पहले भी जिस तरह दूध के दाम बढ़े थे इस बार भी वैसे ही बढ़ा दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत करने और एक साल तक सोना न खरीदने की अपील के बाद लोगों के मन में यह अंदेशा भी पैदा हो रहा है कि आने वाले समय में देश में कुछ बड़ा हो सकता है. ऐसे में आम लोगों को जितनी हो सके उतनी बचत करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और अब सिर्फ दूध ही नहीं बल्कि हर जरूरी सामान महंगा होता जा रहा है. आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े तो बाकी चीजों के दाम भी और बढ़ सकते हैं.
महंगाई आखिर कहां जाकर रुकेगी
नीलम अरोड़ा ने बताया कि अब समझ ही नहीं आता कि महंगाई आखिर कहां जाकर रुकेगी. जब भी बाजार में सामान लेने जाते हैं किसी न किसी चीज के दाम बढ़े हुए मिलते हैं. आज दूध महंगा हुआ है तो कल किसी और जरूरी चीज के दाम बढ़ जाते हैं. उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बढ़ोतरी भी महीने का पूरा बजट बिगाड़ देती है. कभी ब्रेड महंगी हो जाती है, कभी सिलेंडर के दाम बढ़ जाते हैं और अब दूध भी महंगा हो गया है. ऐसे में घर की रसोई चलाना मुश्किल होता जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोना न खरीदने वाली बात अपनी जगह सही हो सकती है लेकिन आम आदमी को रोज दाल-रोटी तो चाहिए ही. अगर इसी तरह महंगाई बढ़ती रही तो आने वाले समय में लोगों के लिए सामान्य जीवन चलाना भी मुश्किल हो जाएगा. उन्होंने सरकार से रोजमर्रा की चीजों पर बढ़ती महंगाई कम करने की मांग की.
फुल क्रीम दूध पर ₹3 की बढ़ोतरी
दूध व्यापारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अमूल के 1 लीटर फुल क्रीम दूध पर ₹3 की बढ़ोतरी हुई है. लोगों को लग रहा है कि सिर्फ ₹2 बढ़े हैं लेकिन पहले मिलने वाली ₹1 की छूट भी खत्म कर दी गई है. इस तरह कुल ₹3 का फर्क पड़ा है. पहले अमूल का 1 लीटर फुल क्रीम दूध ₹69 में मिलता था जो अब ₹72 का हो गया है. उन्होंने बताया कि अमूल के साथ मदर डेयरी और अन्य कंपनियों ने भी दूध के दाम बढ़ाए हैं. उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर मिडिल क्लास परिवारों पर पड़ता है और लोग अब रोजमर्रा की जरूरतों में भी कटौती करने लगे हैं. उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में दूध के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है.
लोगों को दिखावे से ऊपर उठकर देश के बारे में सोचने की जरूरत
वहीं गाजियाबाद निवासी ऋषि ने कहा कि दूध के दाम बढ़ना गलत नहीं है. उनका मानना है कि भारत में बाकी देशों के मुकाबले चीजें अभी भी काफी सस्ती मिलती हैं. उन्होंने पेट्रोल-डीजल और खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने को भी जरूरी बताया. उनका कहना है कि अगर लोग किसी सामान के सही दाम देंगे तो उसकी गुणवत्ता भी बेहतर मिलेगी. उन्होंने कहा कि लोगों को दिखावे से ऊपर उठकर देश के बारे में सोचने की जरूरत है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें
