Summer Vacation: यूपी-बिहार से लेकर हरियाणा-राजस्थान तक बच्चों की मौज, समर वेकेशन शुरू होते ही खिले चेहरे

नई दिल्ली (School Summer Vacation 2026 State Wise List). मई का महीना आते ही उत्तर और मध्य भारत सहित देश के बड़े हिस्से में सूरज के तेवर बेहद तीखे हो गए हैं. आसमान से बरसती आग और गंभीर ‘लू’ के प्रकोप ने आम जनजीवन को पूरी तरह बेहाल कर दिया है. कई राज्यों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिसे देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर राज्य सरकारों और शिक्षा विभागों ने समर वेकेशन की घोषणा कर दी है.

इस साल कई राज्यों ने बच्चों के सिलेबस को समय पर पूरा करने के लिए गर्मी की छुट्टियों की अवधि में भारी कटौती की है. उत्तर प्रदेश में जहां छुट्टियों को घटाकर सिर्फ 27 दिन कर दिया गया है, वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार जैसे राज्यों ने भी समर वेकेशन के नए कैलेंडर जारी कर दिए हैं. जानिए दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में स्कूली बच्चों को कुल कितने दिन घर में रहकर मौज करने और पढ़ाई करने का मौका मिलने वाला है.

समर वेकेशन में बच्चों की मौज

स्कूली बच्चे पूरे साल समर वेकेशन पर अपडेट का इंतजार करते हैं. उनके लिए सालभर में यही सबसे बड़ा ब्रेक होता है. विभिन्न राज्य सरकारों ने अपने यहां समर वेकेशन का ऐलान कर दिया है. हालांकि जिलाधिकारी बाद में मौसम के ताजा अपडेट के अनुसार गर्मी की छुट्टियां बढ़ा भी सकते हैं.

हरियाणा: मुख्यमंत्री नायब सैनी का फैसला, 25 मई से बंद होंगे स्कूल

हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा निर्णय लिया है. प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 25 मई से 30 जून 2026 तक गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा कर दी है. अमूमन हरियाणा में स्कूल 1 जून से बंद होते हैं, लेकिन लगातार बढ़ते पारे के कारण इसे समय से पहले लागू करना पड़ा. पिछले साल यानी 2025 में भी मई के अंत में ऐसी ही गर्मी पड़ी थी, तब सरकार ने 28 मई से छुट्टियां दी थीं.

उत्तर प्रदेश: बदले छुट्टी के नियम, 42 दिन की जगह अब सिर्फ 27 दिनों का आराम

उत्तर प्रदेश में सूरज के तीखे तेवरों को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया था, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने 20 मई 2026 से ही सूबे के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दे दिया. यह आदेश नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी बोर्ड्स (UP Board, CBSE, ICSE) पर लागू हो गया है. लेकिन इस बार सबसे बड़ा झटका यह है कि समर वेकेशन की अवधि को 42 दिनों से घटाकर सिर्फ 27 दिन कर दिया गया है. यूपी के स्कूल अब 20 मई से बंद होकर 15 जून 2026 को ही दोबारा खुल जाएंगे.

पंजाब और चंडीगढ़: भीषण हीटवेव के बीच 23 मई से स्कूल बंद

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र की तरफ से 23 मई 2026 तक गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी गई है, जिसे देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन और पंजाब सरकार ने सुरक्षात्मक कदम उठाए हैं. चंडीगढ़ के सभी स्कूलों में 23 मई से 30 जून 2026 तक गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं. हालांकि, शिक्षकों के लिए एक ट्विस्ट है- उन्हें गर्मी की छुट्टियों के आखिरी दिनों में, यानी 29 और 30 जून को प्रशासनिक काम और तैयारियों के लिए स्कूल आना अनिवार्य होगा.

दिल्ली और राजस्थान: छुट्टियां हुईं कम, रेमेडियल क्लासेस का नया फॉर्मूला

देश की राजधानी दिल्ली में इस बार बच्चे 11 मई से ही छुट्टियों का आनंद ले रहे हैं. स्कूल अब सीधे 1 जुलाई 2026 को खुलेंगे. हालांकि, 9वीं, 10वीं और 12वीं के कमजोर स्टूडेंट्स के लिए 11 मई से 23 मई तक सुबह 7:30 से 10:30 बजे तक स्पेशल रेमेडियल क्लासेज चलाई जा रही हैं, जिसमें टीचर्स की ड्यूटी सुबह 7:20 से ही लगाई गई थी. उधर राजस्थान में भी नया कैलेंडर लागू हुआ है. वहां छुट्टियां 45 दिन की बजाय केवल 35 दिन की होंगी, जो 17 मई से 20 जून तक चलेंगी और 21 जून से नियमित स्कूल शुरू हो जाएंगे.

बिहार और दक्षिण भारत: बिहार में सिर्फ 20 दिन, साउथ में मिलीं लंबी छुट्टियां

बिहार के स्कूली स्टूडेंट्स के लिए इस बार समर वेकेशन का कोटा सबसे कम है. बिहार में स्कूल 1 जून से 20 जून 2026 तक यानी कुल मिलाकर सिर्फ 20 दिनों के लिए बंद रहेंगे. इस दौरान बच्चों को घरों में रहकर पढ़ाई करने की सलाह दी गई है. इसके ठीक उलट, दक्षिण भारत के तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में स्टूडेंट्स की चांदी है. वहां अत्यधिक गर्मी के कारण 24 अप्रैल से ही स्कूल बंद हो चुके हैं और बच्चे आगामी 11 जून 2026 तक लंबी छुट्टियों का मजा ले सकेंगे.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *